अंबाला सिटी। सरकार के निर्देशों पर गेहूं की खरीद का कार्य एक अप्रैल से शुरू करना था। अभी तक मंडियों में गेहूं खरीद के लिए न तो बारदाना पहुंचा है और न ही उठान के लिए मजदूरों का अनुबंध हुआ।
ऐसे में गेहूं की आवक शुरू हुई तो किसानों व आढ़तियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाएगी। हालांकि बुधवार तक जिला अंबाला की मंडियों में गेंहू की आवक नहीं हुई है। 10 अप्रैल के बाद ही सही तरीके से गेहूं की आवक शुरू होने की उम्मीद है।
15 केंद्रों में होगी खरीद
जिले की 15 मंडियों में इस बार गेहूं की खरीद का कार्य होगा। इसमें अंबाला सिटी, अंबाला छावनी, नन्यौला, साहा, मुलाना, बराड़ा, नारायणगढ़, शहजादपुर, केसरी, सरदेहड़ी, उगाला, तलहेड़ी, कड़ासन, बेरखेड़ी, बरेड़ी कलां में गेहूं की खरीद का कार्य किया जाएगा।
बारदाना भी नहीं मिला
गेहूं भरने के लिए अभी तक आढ़तियों को बारदाना भी नहीं दिया गया है। जबकि विभाग के गाेदामों में बारदाना आ चुका है। ऐसे में अगर गेहूं मंडियों में आना शुरू हो गई तो बारदाने का इंतजाम करना भी चुनौती बन जाएगा। एजेंसी की ओर से खरीद की डेहरी के अनुसार ही आढ़तियों को बारदाना दिया जाता है। बीते वर्ष भी बारदाने को लेकर आढ़तियों को समस्या हुई थी।
वर्जन
हमारी ओर से गेहूं की खरीद की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं गेहूं की भराई के लिए बारदाना भी गोदामों में पहुंच गया है। आवक शुरू होते ही बारदाने का आंवटन कर दिया जाएगा।
-दलेल सिंह, अंबाला सिटी नई अनाज मंडी सचिव