अंबाला। बुधवार को शुरू हुई बरसात दिन भर रुक-रुक कर चलती रही। इससे जहां ठिठुरन बढ़ गई, वहीं लोगों की परेशानियां भी बढ़ गईं। जगह-जगह जलभराव रहा, जबकि दुकानदारी भी बुरी तरह से प्रभावित हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी राहत के आसार नहीं है, पारा और गिरेगा।
बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जबकि नौ बजे के आसपास हल्की बूंदाबांदी भी शुरू हो गई। दोपहर में भी करीब बीस मिनट तक तेज बारिश हुई, जबकि सायं छह बजे के बाद तो करीब चार घंटे तक लगातार बारिश होती रही। इसके साथ ही चली ठंडी हवाओं ने मौसम सर्द कर दिया। लोग अपने घरों में ही दुबके रहे। बुजुर्गों और बच्चों के लिए मुसीबत भरा दिन साबित हुआ और कई लोगों ने तो हीटर आदि जलाकर सर्दी से बचने की कोशिश की।
उधर, दिन भर चलती रही बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिली। बाजारों में कीचड़ का आलम रहा, जबकि दुकानों के आगे पानी जमा हो गया। ट्विन सिटी में यही हालात बने रहे। बीडी फ्लोर मिल के पीछे कच्चे रास्तों का बुरा हाल था, जबकि खाली प्लाटों में भी पानी जमा हो गया। इस बारिश ने दुकानदारों का भी अच्छा खासा नुकसान करा दिया। दिन भर लोग ग्राहकों का इंतजार करते रहे, जबकि शाम के समय तो बारिश के कारण बाजार खाली हो गए। दुकानदारों का कहना है कि सुबह से ही ग्राहक दुकानों पर कम आए, जबकि शाम के समय तो ग्राहकों का इंतजार करते रहे। इसी कारण से दुकानें भी जल्द बंद कर अपने घरों को जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
------
यह रहा मौसम और अनुमान
बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से पांच डिग्री कम) रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा। साढ़े पांच बजे तक दो एमएम बारिश रिकार्ड हुई, जबकि इसके बाद करीब छह एमएम और बारिश हुई। अनुमान है कि आने वाले चौबीस घंटों में आसमान में बादल छाये रहेंगे, जबकि बारिश होने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर मौसम साफ होने की उम्मीद है।