अंबाला कैंट। जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग जख्मी हो गए। एक मामले में ऑटो पलटने से जहां चार घायल हुए हैं, वहीं एक अन्य मामले में बाइक सवार को ट्रक चालक ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार अंबाला-दिल्ली हाईवे पर सवारियों से भरा ऑटो पलट गया। बताया जाता है कि सवारियां लेकर एक आटो मोहड़ा से अंबाला कैंट की ओर आ रहा था। इसी दौरान एक कार ने उसे टक्कर दे मारी, जिस कारण आटो पलट गया। आटो में सवार सवारियां घायल हो गईं। लोगों ने किसी तरह से इन सवारियाें को निकाला और पुलिस को सूचित किया। घायलों को कैंट के सिविल अस्पताल में दाखिल किया गया। आरोपी कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एक अन्य मामले में बाइक सवार को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार बाइक सवार एयरफोर्स स्टेशन से महेश नगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान इंदिरा चौक के पास एक ट्रक ने उसे टक्कर दे मारी। हादसे में बाइक सवार संजय घायल हो गया।