छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्री की जेब से अज्ञात ने पर्स चोरी कर लिया। यात्री ने चोर को पकड़ने की कोशिश की, मगर वह मौके से फरार हो गया। यात्री की आवाज सुनकर कुछ दूरी पर मौजूद आरपीएफ व जीआरपी की सुरक्षा टीम सतर्क हो गई। टीम ने चोर का पीछा करते हुए उसे काबू कर लिया। चोर से पर्स बरामद हो गया।
चोर की पहचान बिहार निवासी पिंटू कुमार के तौर पर हुई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। चंद्र किशोर चौधरी निवासी बिहार ने बताया कि वह ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म दो पर खड़ा था। इस दौरान एक व्यक्ति उसका पर्स चोरी करके ले गया। पर्स में कुछ नकदी व जरूरी दस्तावेज थे। वहीं पूछताछ के दौरान चोर से एक मोबाइल फोन भी मिला, जो उसने किसी यात्री का चोरी किया था। जीआरपी थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि चोर से सामान बरामद कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद चोर को जेल भेज दिया है।