अंबाला सिटी। कॉलेजों में दो मेधा सूची जारी हो चुकी हैं। अब बुधवार को बची सीटों को व्यक्तिगत काउंसलिंग से भरा जाएगा। यह काउंसलिंग सभी कॉलेजों में की जाएगी। इसके साथ ही 10 जुलाई को कॉलेजों में पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा। पोर्टल खुलने पर अभ्यर्थी दोबारा ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
वहीं, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान और कल्पना चावला राजकीय महिला बहुतकनीकी संस्थान में 10 से 15 जुलाई तक पहली काउंसलिंग शुरू होगी। इसको लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। कॉलेजों में जून माह के अंत व जुलाई माह के शुरूआत में दो मेधा सूची जारी हो चुकी हैं। इस सूची में नाम आने के बाद भी अभ्यर्थी दाखिला लेने में कम ही दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
इस वजह से कॉलेजों में सभी कोर्स में सीट खाली हैं। 9 जुलाई को कॉलेजों में रिक्त सीटों पर फिजिकल काउंसलिंग के माध्यम से दाखिला होगा। यह काउंसलिंग 9 जुलाई प्रातः 9 बजे से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को अपने मूल प्रमाण पत्र अंक पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र यदि लागू हो, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड आदि और उनकी स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ महाविद्यालय में उपस्थित हो सकते हैं।
प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा। केवल वही अभ्यर्थी जो हरियाणा उच्चतर शिक्षा पोर्टल पर पंजीकृत हैं, इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। शहर के राजकीय आईटीआई से प्राचार्य भूपिंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि आईटीआई में कुल 1188 सीट हैं।
इनमें से 619 सीट पर पहली मेरिट सूची में सीट अलॉट हुई थी। अब मेरिट में आने वाले अभ्यर्थियों की ओर से फीस जमा करवाई जा रही है। इसके बाद रिक्त सीट को लेकर 11 जुलाई मेरिट सूची जारी की जाएगी और 22 जुलाई को बची सीट पर तीसरी मेरिट सूची जारी होगी। आईटीआई में कॉलेजों के मुकाबले अभ्यर्थी दाखिला लेने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। संवाद