अंबाला। शहजादपुर में पकड़ी नकली शराब बनाने की फैक्टरी के मामले में पुलिस ने छठे आरोपी हिमाचल प्रदेश के हरिपुर तोहाना गांव निवासी सतविंद्र सिंह को काबू कर लिया। शराब बनाने के लिए मशीन, ढक्कन, रंग, फलेवर, लेबल और होलोग्राम सतविंद्र ने ही उपलब्ध कराया था। यह खुलासा दो दिन पहले बिट्टू ने किया था।
मंगलवार कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान ढक्कन, होलोग्राम वाली जगह पर जाया जाएगा और इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों को भी काबू किया जाएगा।
फैक्टरी में तैयार रही खेप जानी थी पंजाब
अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत शेखावत ने बताया कि इससे पहले पकड़े आरोपी बिट्टू ने बताया कि उसने 6500 रुपये किराये पर फैक्टरी ली थी। पुलिस की दबिश में जो पेटियां मिली थी वो पंजाब में सप्लाई होनी थी। आरोपियों से रिमांड के दौरान आखिर कहां शराब जानी थी, वहां तक भी पहुंचा जाएगा। आरोपी हरियाणा और पंजाब में देसी शराब की पेटियों की सप्लाई कर रहे थे। इस मामले में अभी तक छह आरोपियों को काबू किया जा चुका है।
यह था पूरा मामला
30 अप्रैल 2025 को शहजादपुर के पुलिस दल को सूचना मिली थी कि शहजादपुर की मॉर्डन कॉलोनी में किराये के मकान में नकली शराब बनाने की फैक्टरी चल रही है। नकली शराब बनाकर उसे बेचकर लोगों के जीवन का खतरे में डाला जा रहा है। पुलिस ने दबिश देकर नकली शराब की 109 पेटियां, 80 लीटर तैयार नकली शराब, 2 कैनी शराब 100 लीटर, 3 ड्रम स्पिरिट कुल 540 लीटर, 12 खाली ड्रम, 30 ड्रमी, 20 लीटर की 6 बोतल, 9600 खाली बोतलें, 4 टैंकी, फूड क्लर, भारी मात्रा में ढक्कन, रैपर, गत्ता पेटी, होलोग्राम नंबर, क्यू आर कोड आदि बरामद किए थे। साथ ही चार आरोपियों को भी काबू किया था।