अंबाला। एक सप्ताह के भीतर अंबाला कैंट के दलीपगढ़ व शहजादपुर में तेजधार हथियार से गोदकर हुई दो हत्याओं के मामलों में अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस अभी तक यह पता नहीं कर पाई है कि आरोपी कौन है।
हालांकि शहजादपुर में हाईवे स्टार ढाबा के काम करने वाले टिहरी गढ़वाल निवासी 30 वर्षीय साहिल बिष्ट की 13 अगस्त को लूटपाट के इरादे से हत्या हुई थी लेकिन अभी तक सीसीटीवी फुटेज के जरिये चारों आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस इसके अलावा आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है ताकि आरोपियों के रूट का पता चल सके। शहजादपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि वह आरोपियों के बेहद करीब है। जल्द ही उनके काबू कर लिया जाएगा, इसके अलावा अंबाला कैंट के दलीपगढ़ में हुए सूरज हत्याकांड मामले में भी पुलिस अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।
उधर पुलिस का कहना है कि मृतक के दोस्तों व वारदात स्थल के आसपास वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, साथ ही पुरानी रंजिश के मामले से जोड़कर गहनता से जांच चल रही है।