नारायणगढ़। बस अड्डे के पास गोयल स्वीट्स एंड रेस्तरांं पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को बुधवार मुठभेड़ के बाद सीआईए-1 ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान प्रीत उर्फ कानिया निवासी डूंगरी ढांडर रोड, एसबीएस नगर, लुधियाना के तौर पर हुई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर पर गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है। प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी पंजाब में भी कुछ वारदात में वांछित है।
मंगलवार को पकड़ा था एक आरोपी : गोयल स्वीट्स एंड रेस्त्रां पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को सीआईए-1 ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान लुधियाना निवासी प्रदीप ठाकुर के रूप में हुई थी। मंगलवार कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। उसने प्राथमिक जानकारी में गोलीकांड का मास्टर माइंड प्रीत उर्फ कानिया को बताया था। इसके अलावा भी आरोपी ने कुछ अहम जानकारी सीआईए-1 को दी थी।
यह था पूरा मामला : नारायणगढ़ बस अड्डे के पास गोयल स्वीट्स एंड रेस्तरांं पर 24 मई को गोली चली थी। यह घटना सुबह 8 बजकर 40 सेकेंड पर हुई थी। इस दौरान दो नकाबपोश युवक दुकान के बाहर आए थे। बदमाशों ने दुकान पर एक के बाद एक सात फायर किए थे। गोलियां दुकान के शीशे पर लगी थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर सामने एक गली में चले गए थे और यहां पहले से बाइक लेकर खड़े एक आरोपी के साथ वे भाग गए थे।