अंबाला। भगवान परशुराम सेवा समिति द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य में 19 अप्रैल को धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन नग्गल करधान स्थित भगवान परशुराम मंदिर में होगा, इसके तहत परशुराम संध्या का आयोजन किया जाएगा। रविवार शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में धार्मिक भजनों के साथ-साथ सांस्कृतिक छटा भी बिखरेगी।
जीवन प्रसंगों और महिमा का होगा गुणगान
समिति के महासचिव सुरेंद्र राजू शर्मा ने बताया कि इस विशेष संध्या में प्रख्यात भजन गायक प्रवीण शर्मा धनाना अपनी सुरीली आवाज में भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों और उनकी महिमा का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान के दिव्य स्वरूप पर आधारित मनमोहक झांकियां होंगी, जो श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से सराबोर कर देंगी।
प्रतिभाओं और बुजुर्गों का होगा सम्मान
समिति के सचिव राजेश गोल्डी शर्मा ने जानकारी दी कि उत्सव के दौरान समाज की जड़ों को मजबूत करने के उद्देश्य से गांव और आसपास के क्षेत्रों के बुजुर्गों को सम्मानित किया जाएगा, इसके साथ ही, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान बच्चों को भी पुरस्कृत किया जाएगा, ताकि युवाओं में अच्छे संस्कारों और शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़े।
सामाजिक एकता पर जोर
समिति के प्रधान अतुल शर्मा ने कैंट के सभी धार्मिक और सामाजिक संगठनों को इस उत्सव के लिए सादर आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा, यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को पुनर्जीवित करने का एक मंच है। कार्यक्रम के समापन पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने क्षेत्र की मातृशक्ति और युवाओं से इस भव्य उत्सव में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की है।