शहजादपुर (अंबाला)। बड़ागढ़ गांव में करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन मॉडर्न स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स पूरा होने में मैदान का लेवल आड़े आ रहा है। गत माह जिला खेल अधिकारी सहित एसडीएम के निरीक्षण में मैदान की सफाई व मैदान के लेवल का जिक्र हुआ था। बावजूद अभी तक मैदान का लेवल ही दुरुस्त नहीं हो पाया है। जबकि सभी खेलों के लिए मैदान का लैवल ही प्राथमिकता है। ऐसे में मैदान के उद्घाटन में भी देरी हो रही है। दूसरी ओर, नारायणगढ़ में हॉकी की पहली खेल नर्सरी भी खुल गई है। ऐसे में खिलाड़ियों को मैदान में प्रेक्टिस करने में परेशानी होगी।
2019 से चल रहा इस स्टेडियम के हेंडओवर होने का इंतजार
दरअसल, 2019 में शुरू हुआ यह स्टेडियम अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। तभी से खिलाड़ियों को इस स्टेडियम के उद्घाटन का इंतजार है। 2024 में ही इस मैदान के उद्घाटन को लेकर खेल विभाग के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी बीएंड आर के अधिकारियों ने भी तैयारियां तेज कर दी है। बाकी सभी काम लगभग पूरा हो गया है। यह खेल स्टेडियम 12 एकड़ भूमि पर लगभग करीब 9 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इसमें स्वीमिंग पूल, वालीबॉल ग्राउंड, बास्केटबॉल ग्राउंड, कबड्डी ग्राउंड तथा एथलेटिक्स ग्राउंड की भी सुविधा है।
वर्जन
मॉडर्न स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का काम लगभग पूरा हो चुका है। जो खामियां है उसे जल्द से जल्द दुरुस्त करवाया जा रहा है।
राजबीर, जिला खेल अधिकारी, अंबाला