संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी रेलवे स्टेशन के परिसर से बच्चा उठाने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ ने बच्चे की तलाश शुरु की। रेलवे परिसर में मौजूद बिहार निवासी महिला ने बताया कि सोते समय उसके बच्चे को कोई उठाकर ले गया है।
सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत खोजबीन शुरु की और रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो इसमें एक व्यक्ति सो रहे बच्चे को उठाकर अपने साथ ले जाता हुआ नजर आया। महिला ने शिनाख्त की और बताया कि वह उसका पहला पति है। इसके बाद महिला ने शिकायत वापस ले ली और कार्रवाई के लिए मना कर दिया।
मंगलवार रात का है मामला : मामला 9 सितंबर सुबह लगभग पांच बजे का है। महिला ने आरपीएफ पोस्ट पर आकर जानकारी दी कि उसका बच्चा गुम हो गया है। इस संबंध में जब सीसीटीवी फुटेज देखी तो इसमें देर रात लगभग 2:55 बजे रेलवे परिसर में सो रहे परिवार का एक अज्ञात व्यक्ति बच्चा चोरी से उठाते नजर आया जोकि बच्चे को लेकर कुछ देर बाद स्टेशन से बाहर चला गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने जब एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरु की तो महिला को सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई। इसमें बच्चे की मां फुटेज को गौर से देखने के बाद बताया कि बच्चे को ले जाने वाला व्यक्ति उसका पहला पति और उस बच्चे का वास्तविक पिता है, यह बच्चा उसी का है। पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि वह अपने पति से अलग एक व्यक्ति के साथ रह रही है। उसके पहले पति अनिल से उसके तीन बच्चे हैं, इनमें एक लड़की गांव में और बड़ा लड़का उसके पति के पास तथा छोटा बच्चा उसके साथ था।
जीआरपी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि महिला ने बच्चा चोरी की शिकायत दी थी लेकिन जब उसे सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई तो उसने अपनी शिकायत वापस ले ली। महिला ने बताया कि बच्चा चोरी करने वाला उसका पहला पति है। इसलिए वह इस मामले में कार्रवाई नहीं चाहती है।