(अंबाला) मुलाना। गांव रूकड़ी में किन्नर समाज में क्षेत्र बांटने और बधाई मांगने को लेकर विवाद हो गया। इस पर किन्नर समाज ने अपने साथी पर हमला कर मारपीट करने के आरोप जड़े हैं। किन्नर समाज ने आरोपी किन्नर मोमबत्ती के खिलाफ थाने में शिकायत सौंपी है।
किन्नर समाज की महंत चन्द्रकांता के अनुसार तलहेड़ी गांव का रहने वाला मोमबत्ती नाम का एक किन्नर पहले उन के पास ही रहता था। बाद में उसने अपने लिए अलग काम करने की मांग की। उसकी मांग को देखते हुए उसे जीवनयापन करने के लिए गांव सिरसगढ़ बधाई मांगने के लिए दे दिया गया। आरोप है कि किन्नर मोमबत्ती ने नियम को तोड़ अन्य गांव में भी बधाई मांगनी शुरू कर दी। जब उसे ऐसा न करने के लिए समाज ने समझाया कि नियम के तहत ही काम करे, लेकिन उस ने किन्नर समाज की एक न सुनी और वह अन्य गांव में भी बधाई मांगने जाने लगा।
उन्होंने बताया कि सोमवार को हिना किन्नर रुकड़ी गांव में बधाई लेने गई थी। वहां पर मोमबत्ती और उसके साथी ने हिना पर हमला कर मारपीट की। हिना का आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट करते हुए उसकी सोने की चेन भी छीन ली। मामले की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से किन्नर समाज के सदस्य एकत्रित हुए व किन्नर मोमबत्ती के खिलाफ शिकायत दी।
बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष मोमबत्ती को भी चोट लगी है। वह एमएम अस्पताल में उपचाराधीन है। मोमबत्ती सभी आरोपों को नकारा है। इस संबंध में एएसआई संजय कुमार का कहना है कि मामले की शिकायत मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। एक पक्ष अभी अनफिट है। जैसे ही वह फिट होगा. दोनों पक्षों को फिर से थाने में बुलाया जाएगा। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।
मंहत पर भी किया था हमला
मोमबत्ती व किन्नर समाज का यह पहला मामला नहीं है । इससे पहले नवंबर 2020 में भी मोमबत्ती किन्नर पर महंत चंद्रकांता ने हमला कर टांग तोड़ने के आरोप लगाए थे। इसमें किन्नर समाज ने एकत्रित होकर मोमबत्ती के खिलाफ थाना में शिकायत सौंपी थी । तब महंत चंद्रकांता ने आरोप लगाते हुए कहा था कि मोमबत्ती जन्मजात किन्नर नहीं है। उसने लिंग परिवर्तन किया हुआ है। वह नकली किन्नर है। उन्होंने आरोप लगाया कि किन्नर बने मोमबत्ती को नशे की आपूर्ति के लिए लोगों के साथ रहना है। इसी के चलते वह उन पर दबाव बनाते हुए उन का क्षेत्र हड़पना चाहते है।