अंबाला सिटी के परेल गांव से रेस्क्यू किए गए सांप के साथ वन्यजीव विभाग की टीम। प्रवक्ता
अंबाला सिटी। परेल गांव में वन्यजीव विभाग की टीम ने एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। गांव के लोगों ने देखा कि एक लंबा सांप स्टील की जाली में फंसकर दर्द से तड़प रहा था, इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 को दी। 112 टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया और इसे तत्काल वन्यजीव विभाग अंबाला को सूचित किया।
विभाग की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल पर पहुंचते ही सावधानी से राहत कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की तकनीकी और सावधानी पूर्ण मेहनत के बाद सांप को जाली से सुरक्षित मुक्त कर लिया गया।
जांच में यह सामने आया कि सांप लगभग पूरा दिन जाली में फंसा रहा, इस कारण उसके शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए थे। बचाव के बाद घायल सांप को अंबाला लाकर चिकित्सा प्रक्रिया शुरू की गई। उपचार कार्य डॉ. अशोक खासा की निगरानी में वन्यजीव हितैषी भरत, राजकुमार तथा वंदे मातरम् दल से टिंकू, हिमांशु और सौरव द्वारा किया जा रहा है। डॉ. खासा ने कहा, सांप की चोट गंभीर प्रकृति की हैं, मगर समय पर रेस्क्यू होने से इसकी जान बच गई।
इसका इलाज निरंतर जारी रहेगा। वन्यजीव विभाग अंबाला के अधिकारी राकेश कुमार ने बताया, वन्यजीव संरक्षण हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यह सांप पूर्ण रूप से स्वस्थ होने तक विभाग की देखरेख में रहेगा। फिलहाल सांप का स्वास्थ्य स्थिर बताया गया है और धीरे-धीरे इसमें सुधार हो रहा है।