अंबाला। अंबाला छावनी के उपमंडल कार्यालय में शनिवार को पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। 68 लाख रुपये से बनी इस प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में विज ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर व इंकलाब जिंदाबाद, शहीद-ए-आजम भगत सिंह अमर रहे के नारों से सभी में देशभक्ति का जोश भरा। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा लोगों को हमेशा स्मरण करवाएगी कि इस देश को कुर्बानियां देकर आजाद कराया गया है। इस प्रतिमा को भी उन्हीं कलाकारों ने बनाया है, जिन्होंने सरदार बल्लभभाई पटेल की प्रतिमा को बनाया है। विज ने कहा कि इसी प्रकार उन्होंने अंबाला छावनी के बीचों-बीच सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा लगवाई है जो लोगों को प्रेरित करती है कि इस देश पर राज करने वाली अंग्रेजी सरकार, जिसके राज में कभी सूरज नहीं डूबता था, उस सरकार के खिलाफ सशस्त्र युद्ध करके भारत को आजाद कराया। यह प्रतिमा हमारी प्रेरणा स्त्रोत बनेगी। इस मौके पर एसडीएम सतिंद्र सिवाच, कार्यकारी अभियंता मंदीप, ईओ जरनैल सिंह, मंडल प्रधान राजीव डिंपल, किरण पाल चौहान, बिजेंद्र चौहान, भाजपा नेता बीएस बिंद्रा, मामचंद शर्मा, रवि सहगल, कपिल विज आदि गणमान्य मौजूद रहे।
मंत्रिमंडल विस्तार को नहीं किया किसी ने संपर्क : विज
चंडीगढ़ में लगातार हरियाणा मंत्री परिषद के विस्तार को लेकर उठ रहे सवाल और मान-मुनव्वल के संबंध में पूछे गए सवाल पर पूर्व गृहमंत्री अनिल विज ने बेबाकी से जवाब दिया और कहा कि मुझे मालूम नहीं है, मैं तो आपके सामने कार्यक्रम में खड़ा हूं, न मुझे किसी ने बताया और न ही मेरे से किसी ने संपर्क किया है। मैं रूठा हुआ नहीं हूं, उस दिन शपथ ग्रहण के बाद मेरे से आज तक किसी ने कोई बात नहीं की है। मैंने सेशन भी अटेंड किया है। जो कर रहे हैं अच्छा कर रहे हैं। अच्छी सरकार चलाएंगे, और जो नायब सैनी, जिसको मुख्यमंत्री बनाया है, हमारा छोटा भाई है, हमें उम्मीद है कि वो बहुत बेहतरीन काम करेगा।