बिजली खंभे पर लगाई गई डायरेक्ट कुंडी। निगम
अंबाला सिटी। बिजली निगम ने सुबह तड़के में दबिश देकर गांव और शहर के क्षेत्र से बिजली चोरी पकड़ी है। हैरानी की बात यह है कि लोग मीटर बाहर खंभे निकलने के बाद भी मीटर को बायपास कर, मीटर में कुंडी लगाकर और डायरेक्ट कुंडी से बिजली चोरी कर रहे हैं। बिजली निगम ने चोरी करने वाले 17 लोगों पर 7 लाख का जुर्माना ठोका है। यह बिजली चोरी चौड़मस्तपुर सब डिवीजन के जैतपुरा, जनसुई और शहर में पड़ने वाले गांव से बिजली चोरी पकड़ी है।
अंबाला शहर डिविजन के कार्यकारी अभियंता सुखबीर सिंह ने बताया कि बिजली चोरी पकड़ने के लिए छह टीम का गठन किया गया था। टीम ने सुबह तड़के में जाकर दबिश दी और चोरी को पकड़ा। मीटर को बायपास कर, कुंडी लगाकर सहित अन्य तरीकों से बिजली चोरी की जा रही थी। उन्होंने बताया कि निगम की ओर रोजाना चोरी पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
जिन मीटर का लोड ज्यादा बिल कम आ रहा, वह भी निशाने पर
बिजली निगम के रिकाॅर्ड में कई ऐसे मीटर भी हैं कि जिनका बिजली लोड ज्यादा है, लेकिन उनका बिजली बिल कम आ रहा है। ऐसे बिजली मीटर की चेकिंग भी निगम कर रहा है और सूची भी बनाई जा रही है ताकि ऐसे मीटर की चेकिंग कर चोरी को पकड़ा जा सके। बीते दिनों भी बिजली चोरी ने चोरी पकड़ी थी, जिसमें मीटर को बायपास कर चोरी की जा रही थी। शहर में 5 किलोवाट से अधिक के मीटर की कुंडली भी निगम खंगाल रहा है।