अंबाला सिटी। सुबह से दोपहर तक जिले में रूक-रूककर बारिश हुई। कई जगहों पर तेज और कई जगहों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे दिनभर मौसम सुहावना रहा।
सुबह से दोपहर 2 बजे तक तो लगातार हल्की बारिश हुई। दोपहर बाद बारिश बंद हुई। बारिश के कारण सड़कों के गड्ढों में जलभराव हो गया। जिससे आवाजाही में लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी। शहर के मानव चौक, अग्रसेन चौक, सेक्टर-10 में सड़कों के बीच गहरे गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों को 28 जुलाई को भरा गया था और कुछ ही दिनों में गड्ढों से पैच उखड़ चुके हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जिले में एक मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त को बारिश होने के आसार हैं। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 19 अगस्त तक राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हवा व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान वातावरण में नमी बढ़ने और दिन के तापमान में हल्की गिरावट रहने के आसार हैं, वहीं, 23 अगस्त को भी भारी हो सकती है।