अंबाला सिटी के ओपीएस विद्या मंदिर में स्ट्रांग रूम में लगी सील । संवाद
अंबाला सिटी। तीन मेयर प्रत्याशियों और 65 वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला बुधवार को सुबह से दिखना शुरू हो जाएगा। नगर निगम चुनावों में मतदान के बाद बुधवार को सुबह 8 बजे से सेक्टर 9 के ओपीएस विद्या मंदिर में मतों की गणना होगी। इस कार्य को 48 गणना कर्मी करेंगे। मतों की गणना के लिए 12-12 मेज लगाई गई हैं।
एक तरफ मेयर पद पर मिले मतों की गणना होगी तो दूसरी तरफ वार्ड सदस्य पद पर मतों की गणना की जाएगी। दोनों पदों पर मतों की गणना के लिए 16-16 राउंड निर्धारित किए गए हैं। इस हिसाब से दोपहर एक बजे तक नगर निगम की छोटी सरकार की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। वहीं सुरक्षा के लिहाज से 400 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
सुबह साढ़े छह बजे से शुरू होगी प्रक्रिया : रिटर्निंग अफसर व एडीसी विराट ने बताया कि सुबह साढ़े छह बजे सबसे पहले वह व जिला निर्वाचन अधिकारी स्ट्रांग रूम व गणना स्थल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सात बजे सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को बुलाकर स्ट्रांग रूम की सील खुलवाई जाएगी। इसके बाद ईवीएम को सुरक्षित गणना स्थल तक पहुंचाया जाएगा। सुबह आठ बजे से गणना कर्मी मतों की गणना शुरू कर देंगे। गणना के लिए 12-12 मेज और दो मेज रिटर्निंग अफसर की होंगी। इस प्रकार से 26 मेज वहां पर डाली गईं हैं। गणना केंद्र को जालियां से पैक किया गया है, जिसमें से पार्टियों के एजेंट गणना की निष्पक्षता को देख सकते हैं। इसके अलावा 10 गणना कर्मी रिजर्व में रखे गए हैं।
अंबाला सिटी के ओपीएस विद्या मंदिर में स्ट्रांग रूम में लगी सील । संवाद