अंबाला सिटी। एक राजकीय स्कूल की छात्राओं के बयान दर्ज करने के बाद बाल कल्याण समिति ने स्वयं संज्ञान लेते हुए शिक्षिका पर कार्रवाई करवाई। छात्राओं ने बाल कल्याण समिति को दिए गए बयान में महिला शिक्षिका की ओर से गलत भाषा का प्रयोग करने के आरोप लगाए थे। इस पर बीते दिनों पुलिस ने केस दर्ज किया था और अब शिक्षिका की गिरफ्तारी को लेकर आगामी कार्रवाई चल रही है।
बाल कल्याण समिति चेयरपर्सन रंजीता सचदेवा ने बताया कि बीते अक्तूबर माह में उनके संज्ञान में आया था कि एक राजकीय स्कूलों की छात्राओं के साथ महिला शिक्षिका की ओर से गलत भाषा का प्रयोग किया जाता है। ऐसी सूचना मिलने पर उन्होंने स्कूल में जाकर छात्राओं के बयान दर्ज किए और मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को लिखा था। पुलिस ने बीते नवंबर माह में केस दर्ज किया था।
सचदेवा ने बताया कि उन्होंने पुलिस को मामले में आगामी कार्रवाई करने के लिए कहा है। महिला शिक्षिका की ओर से गलत भाषा के प्रयोग के कारण दो छात्राएं स्कूल भी छोड़ गई। इसके बाद उन्होंने बाल कल्याण समिति की ओर से स्वयं संज्ञान लेते हुए पुलिस केस दर्ज करवाया।