नशे में धुत हेड कांस्टेबल ने काली पलटन पुल के पास अपनी कार से ई-रिक्शा को मारी थी टक्कर, सड़क पर गिरी युवती पर चढ़ा दी थी कार
अंबाला। कालीपलटन पुल के पास हादसे में जान गंवाने वाली मॉडल टाउन निवासी निकिता बजाज का वीरवार को पुलिस सुरक्षा में डाक्टरों की टीम की ओर से पोस्टमॉर्टम कर दिया गया। इसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं लापरवाही से कार चलाकर हादसे को अंजाम देने वाले बलदेव नगर थाने में तैनात मुख्य सिपाही अमित के खिलाफ कैंट के पड़ाव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और उसे कोर्ट में पेश किया गया,जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
गुरुग्राम में नौकरी करती थी निकिता
निकिता गुरुग्राम के एक प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करती थी। वह दिल्ली से ट्रेन लेकर अंबाला कैंट पहुंची थी और वहां से ई-रिक्शा में सवार होकर अपने भाई हर्ष के साथ घर लौट रही थी, जैसे ही वह कालीपलटन पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। नशे में धुत पुलिस के मुख्य सिपाही अमित ने इस घटना को अंजाम दिया। उसने अपनी तेज रफ्तार कार से पहल ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क पर गिरी निकिता के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
नशे में इतना धुत था कि चल नहीं पा रहा था आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों और ई-रिक्शा चालक रविंदर के अनुसार, टक्कर लगते ही निकिता सड़क पर गिर गई। आरोपी कार चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे युवती के ऊपर से गुजार दिया। लोगों का आरोप है कि आरोपी अमित शराब के नशे में इतना धुत था कि वह अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। अस्पताल में करीब चार घंटे तक परिजनों ने जमकर हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
निकिता।