अंबाला छावनी के नगर परिषद कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान लंबित विकास कार्याें पर जानकारी लेत
अंबाला। नगर परिषद की देखरेख में चल रहे विकास कार्याें को गति प्रदान करने के लिए एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। नप अध्यक्ष ने बैठक के दौरान कार्यकारी अभियंता सहित कनिष्ठ अभियंताओं के साथ मंत्रणा की और लंबित विकास कार्याें को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए रुपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। छावनी की जनता को नई सुविधाओं की सौगात मिल सके। हालांकि ये सुविधाएं कैबिनेट मंत्री अनिल विज के निर्देश पर शुरु की गई हैं, लेकिन काम पूरा न होने के कारण लोगों को इनका लाभ नहीं मिल पाया है।
टीम करेगी आकलन
नप अध्यक्ष ने कनिष्ठ अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि उनके अधीन जो भी परियोजनाएं चल रही हैं। उनका वो दौरा करें और यह देखें कि कितना काम हो चुका है और कितना काम रह गया है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट नप अध्यक्ष के समक्ष जल्द से जल्द प्रस्तुत करें। अगर कहीं कोई समस्या है या काम रुका है और धीमी गति से काम चल रहा है तो इसकी जानकारी भी दें।
लंबित परियोजनाएं
अंबाला छावनी में 10 के करीब लंबित परियोजनाएं हैं। इनका काम काफी धीमी गति से चल रहा है। इसमें बैंक स्क्वेयर का काम भी शामिल है, हालांकि इसका निर्माण पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा करवाया जा रहा है, लेकिन इमारत तैयार होने के बाद इसकी देख-रेख का जिम्मा नगर परिषद के सुपुर्द होगा इसके अलावा अंबाला-साहा हाइवे पर अग्निशमन केंद्र, गांधी मैदान का सुंदरीकरण, नाइट स्ट्रीट फूड, सदर बाजार में बहुउद्देशीय पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे के अलावा पैसेंजर और वाहन लिफ्ट का प्रबंध, कबाड़ी बाजार की पुलिया, 12 क्रॉस रोड पर सड़क और नाले का निर्माण शामिल है।
वर्जन
छावनी में चल रहे विकास कार्याें को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है ताकि छावनी की जनता को इन सुविधाओं की सौगात मिल सके।
स्वर्ण कौर, अध्यक्ष, नगर परिषद अंबाला सदर।