अंबाला सिटी। किंगफिशर के पास तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें राहगीरों की मदद से शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार न्यू प्रताप नगर निवासी 67 वर्षीय हरबंस सिंह और 65 वर्षीय शंकुलता बाइक से छावनी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर किंगफिशर के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह दूर जा गिरे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बलदेव नगर थाना के एसएचओ गौरव पूनिया ने बताया कि उनके पास सूचना आई थी। उन्होंने टीम को मौके पर भेजा, मगर इस संबंध में कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।