अंबाला। गांव केसरी में पारिवारिक भूमि विवाद के दौरान ताया की ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी भतीजे को कालपी बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी गुरतेज सिंह को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस उससे अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं आरोपियों में शामिल गांव खनपुर का पूर्व सरपंच मामा जगजीत सिंह, पिता प्रेम सिंह और माता गुरमेल कौर अभी फरार बताए गए हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी होगी।
थाना साहा के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि 29 जून को सुबह करीब आठ बजे गांव केसरी में हाईवे के निकट करीब दो एकड़ भूमि के विवाद के चलते एक बुजुर्ग की हत्या की सूचना मिली थी। वारदात में मौत का शिकार हुए प्यारा सिंह का इकलौता पुत्र दिलबाग सिंह गंभीर रुप से घायल हो गया था। पुलिस ने मृतक के भतीजे तेजेंद्र सिंह की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। शुक्रवार को डीएसपी रजनीश कुमार के नेतृत्व में जांच चल रही थी। इस जांच के दौरान घटना के मुख्य आरोपी गुरेज सिंह को पुलिस ने गांव कालपी के बस अड्डे के निकट से गिरफ्तार कर लिया।