- मरीजों को एक से दूसरे बिल्डिंग में जाने के लिए होगी आसानी, पीडब्ल्यूडी ने तैयार किया प्रस्ताव
- इस बिल्डिंग में बनेंगे दो स्काई-वे ब्रिज, एक ओपीडी तो दूसरा अटल कैंसर केयर केंद्र से होगा अटैच
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट के नागरिक अस्पताल में निर्माणाधीन 100 बैड की नई इमारत स्काई-वे ब्रिज के जरिये दूसरी बिल्डिंग के साथ भी जुड़ेगी। मरीजों व उनके तीमारदारों की एक से दूसरी बिल्डिंंग में आने-जाने की सहुलियत को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
स्काई-वे ब्रिज के जरिये नई इमारत को ओपीडी व अटल कैंसर केयर केंद्र से जोड़ा जाएगा। पीडब्ल्यूडी की तरफ से इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। बता दें कि अस्पताल परिसर में ही पांच मंजिला बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। पहले भवन के निर्माण का केस हाईकोर्ट में होने की वजह से रुक गया था जिसके बाद ऑबिर्टेशन में जाने पर दोबारा से निर्माण कार्य के लिए अब निविदा हुई है। 14.79 करोड़ रुपये की लागत से भवन का शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जा रहा है।
क्रिटिकल केयर यूनिट की तर्ज पर होगी तैयार
यह भवन क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) की तर्ज पर बनाया जाएगा। इस 100 बिस्तर के भवन के निर्माण होने से कैंट के नागरिक अस्पताल की क्षमता दोगुणा यानी 200 बैड की हो जाएगी। इस बिल्डिंग में कुल सात फ्लोर होंगे जिनमें दो बेसमेंट फ्लोर होंगे। एक फ्लोर पर वाहनों की पार्किंग होगी जबकि दूसरे फ्लोर पर एसी प्लांट व गैस प्लांट लगाया जाएगा। ग्राउंड फ्लोर में रजिस्ट्रेशन-कम-रिसेप्शन सेंटर, इमरजेंसी सर्विस उपलब्ध होगी, शौचालय व अन्य सुविधाएं होगी। पहले फ्लोर पर इमरजेंसी वार्ड होंगे जिनमें 28 बेड होंगे। दूसरे फ्लोर पर इनफेक्टिव आईसीयू (इनटेंसिव केयर यूनिट) लगेगी। तीसरे फ्लोर पर इनफेक्टिव ओटी, सुपर स्पेशलिस्ट ओटी तथा वार्ड और चौथे फ्लोर पर इनफेक्टिव ओटी, इनफेक्टिव ओटी, सुपर स्पेशलिस्ट ओटी तथा वार्ड होंगे।
निर्माणाधीन पांच मंजिला नई बिल्डिंग को ओपीडी व अटल कैंसर केयर केंद्र से भी जोड़ा जाएगा। जल्द ही इस बिल्डिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा ताकि मरीज इसका लाभ उठा सके।
रितेश, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर अंबाला
-