अंबाला छावनी स्थित नगर परिषद का कार्यालय। फाइल फोटो
अंबाला। नगर परिषद अंबाला सदर की ओर से छावनी के विभिन्न वार्डों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए नई निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इन परियोजनाओं में मैनहोल कवर बदलने से लेकर स्टार्म वाटर लाइन बिछाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के होने से स्थानीय स्तर पर लोगों को काफी राहत मिलेगी। इन समस्याओं के समाधान को लेकर स्थानीय निवासी कई बार वार्ड पार्षदों से भी आग्रह कर चुके थे। वार्ड पार्षदों ने इन कार्याें को लेकर पहले ही नप अध्यक्ष को सूची सौंपी दी थी।
प्रमुख विकास परियोजनाएं
वार्ड नंबर 23 में स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 33.14 लाख रुपये है। इसी प्रकार राम बाग रोड स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स साइट के पास बाउंड्री वॉल बनाने के लिए 9.63 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वार्ड नंबर 10 अजीत नगर में ड्रेन कवरिंग के लिए पाइप बिछाने का कार्य किया जाएगा और इसकी लागत 8.51 लाख रुपये है। वार्ड नंबर 18 गणेश विहार की गली नंबर 5 में सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए 5.12 लाख रुपये की निविदा जारी की गई है। शहर के विभिन्न स्थानों पर मैनहोल कवर और फ्रेम लगाने के लिए 3.20 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इनमें चार निविदाओं के लिए आवेदन दोबारा आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक ठेकेदार निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।
वार्ड स्तर पर विकास कार्याें की सूची तैयार की गई थी ताकि स्थानीय निवासियों की परेशानी दूर हो सके। वार्ड पार्षद की तरफ से इस संबंध में जानकारी दी गई थी। इसलिए स्टॉर्म वाटर लाइन सहित अन्य लगभग 70 लाख रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे, इसके अलावा अन्य निविदाएं भी जल्द लगाई जाएंगी।
- देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर,अंबाला।