अंबाला सिटी। सेक्टर सात स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शिव भक्तों ने बम बम भोले के जयकारों के साथ पूजा अर्चना की। मंदिर के पुजारी पंडित भगवती प्रसाद पुरोहित ने बताया कि श्रावन मास के सभी सोमवार में शिव भक्तों की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ती रही। सोमवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे से मंदिर में भक्तों का आना जाना शुरू हो गया था। यह सिलसिला सुबह 10 बजे तक जारी रहा।
इसी प्रकार सेक्टर नौ स्थित श्री महादेव मंदिर एवं सत्संग भवन में सावन मास के अंतिम सोमवार को भक्तों ने मंदिर में पहुंचकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया व फल पुष्प आदि अर्पित किए। मंदिर के पुजारी दिनेश शास्त्री ने बताया कि सावन मास में प्रतिदिन महा शिवपुराण की कथा जारी रही।
सेक्टर नौ के शिव धाम मंदिर में भक्तों की लाइनें लगी रही। सुबह करीब पांच बजे भक्तों की आवाजाही मंदिर में शुरू हो गई। पुजारी वेद प्रकाश शास्त्री ने बताया कि सावन माह के अंतिम सोमवार को मद्देनजर रखते हुए भक्तों की भीड़ मंदिर में दिन भर जारी रही। वहीं मंदिर के पुजारियों की ओर से मंत्रोच्चारण कर पूजा अर्चना करवाई गई।