फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पारा 2 डिग्री : सर्दी का सितम, लोग हुए बेदम

Sun, 24 Jan 2016 01:26 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला अंबाला
विज्ञापन
विज्ञापन
 शनिवार को अंबाला में सर्दी के इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। पारा लुढ़कर 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर जहां हाड़ कंपाने वाली सर्दी से लोग ठिठुरते रहे और लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हो गए। अंबाला में शनिवार को तापमान सामान्य से दस डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
विज्ञापन

वैसे तो अंबाला में पिछले कई दिनों से सर्दी के तेवर काफी तल्ख हैं। सूर्यदेव के दर्शनों को लोग तरस रहे हैं और सूंर्यदेव भी बादलों और कोहरे की रजाई ओढ़े हुए हैं। शनिवार को भी आलम कुछ इसी तरह का बना रहा, लेकिन दोपहर बाद शनिवार को मौसम में एकदम से और तल्खी आ गई। दोपहर तक अंबाला में अधिकतर तापमान 14.3 व न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस था। लेकिन शाम ढलते ही तापमान में एकदम गिरावट आई और अधिकतर तापमान 12.0 और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री तक पहुंच गया। सर्दी बढ़ने से बाजारों में भी रौनक गायब दिखी। लोग अलाव जलाकर हाथ सेंकते दिखाई दिए।
अभी बरकरार रहेगी सर्दी
मौसम विभाग की माने तो शनिवार को 2.0 डिग्री सेल्यिस तापमान होने के कारण अब आने वाले दिनों में पारा इससे ऊपर तो उठेगा, लेकिन सर्दी बरकरार रहेगी। अंबाला में अनुमान है कि रविवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री, सोमवार व मंगलवार को 6 डिग्री, बुधवार को 8 डिग्री, वीरवार को 11 डिग्री और शुक्रवार को 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
विज्ञापन

बूढ़े व बच्चों की परेशानी बढ़ी
ठंड ज्यादा बढ़ने से अंबाला में मरीजों के हालात ज्यादा खराब रहे। कैंट व सिटी सिविल अस्पतालों में जहां ठंड से बचने के समुचित इंतजाम न होने की वजह से जहां मरीज कंपकंपाते रहे, वहीं उनके साथ आए तीमारदार भी परेशान होते रहे। उधर, बुजुर्गों ने भी इस मौसम में खुद को घरों में ही कैद रखा।
बुजुर्ग बलभद्र देव थापर, तीर्थराम, बसंत कुमार व अनिल श्रीवास्तव के अनुसार इस वक्त सर्दी बहुत ज्यादा है, वैसे तो वे रोजाना सुबह सैर कर लिया करते थे, लेकिन अब कोहरे और ठंड की वजह से उनका रूटीन थोड़ा बिगड़ा है, इसलिए वे अपने घरों में ही रह रहे हैं।
गोबिंद नगर निवासी राकेश शर्मा, टैगौर नगर निवासी सौरभ कौशल, रामनगर निवासी मनोज गुप्ता व निकलसन रोड निवासी आशीष जौली के अनुसार सर्दी अत्यधिक होने की वजह से छोटे बच्चों की रखवाली बहुत ज्यादा बढ़ गई है। इसलिए दोपहर को स्कूल से आने के बाद वे शाम को भी बच्चों को घर पर ही रख रहे हैं।
दिल के मरीजों की दिक्कत बढ
इस सर्द मौसम में हार्ट पेशेंट मरीजों की दिक्कतें ज्यादा बढ़ रही है। उन लोगों को ये सर्दी बहुत तंग कर रही है। विशेषज्ञों की माने तो सर्दी में उनका खून ज्यादा गाढ़ा होने लगता है, इसलिए उन्हे ज्यादा खतरा रहता है। विशेषज्ञ डाक्टर कमलेश व सुनीता कौशिक बताते हैं कि हार्ट पेशेंट सर्दियों में अपनी दवाओं को बिल्कुल इग्नोर न करें।  वह समय पर दवाएं लें और हो सके, तो पंद्रह या बीस दिन बाद एक बार हार्ट विशेषज्ञ से अपनी जांच करवाते रहें। उनके अनुसार हो सके तो हार्ट पेशेंट ज्यादा बाहर जाने से भी बचे।

स्कूल टाइम दस बजे करने की मांग
उधर इस कंपकंपाने वाली सर्दी में बच्चे भी सुबह स्कूलों में जा रहे हैं। हालांकि अभी स्कूलों में सर्दी की छुट्टियां खत्म हुई है, लेकिन लोहड़ी के बाद बदले मौसम ने सर्दी एकदम बढ़ा दी है। सुबह जबरदस्त ठंड व कोहरा रहता है और छात्रों को इसी माहौल में स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे में अभिभावक राजीव लांबा, संजीव गुप्ता, कनिका ठाकुर, रितू चौहान व दीपक चौहान का कहना है कि इस मौसम में बच्चों को स्कूलों में भेजना बहुत मुश्किल बना हुआ है। बच्चे कोहरे में स्कूल जाने को मजबूर है। प्राइवेट स्कूल तो बिल्कुल अपना टाइम बदलने को तैयार ही नहीं है। उनके अनुसार डीसी अंबाला स्कूलों का टाइम फिलहाल सुबह 10 बजे का करवा दें। ताकि तब तक कुछ कोहरा तो छंट सके।

किसानों के चेहरों पर खुशी
इस सर्दी के मौसम ने भले लोगों को कंपकंपा रखा हो, लेकिन किसानों के चेहरों पर खुशी है। क्योंकि ये ठंड गेहूं की फसल के लिए वरदान साबित हो रही है। किसान कुलवंत सिंह उगाड़ा, करनैल सिंह, चौधरी चरण सिंह, अच्छर सिंह, पाला राम व दुष्यंत राणा का कहना है कि देखा जाए तो इस सर्दी के मौसम में लोहड़ी से पहले सर्दी अपेक्षाकृत कम पड़ी थी। लेकिन अब लोहड़ी के बाद ही तो बढिय़ा ढंग से पाला पडना शुरू हुआ है। उनके अनुसार ये पारा और बढ़ती सर्दी गेहूं के मौसम के लिए बहुत जरूरी है। उनके अनुसार इससे गेहूं की फसल का दाना बढिय़ा रहेगा। उनके अनुसार इसी तरह सर्दी बढ़ती रही, तो बढिय़ा उत्पादन की उम्मीद है।

गरम कपड़ों का कारोबार गर्माया
अंबाला कैंट। लोहड़ी से पहले जहां मौसम में अपेक्षाकृत ठंडक न होने पर गर्म कपड़ों का कारोबार पूरी तरह से प्रभावित हो रहा था। वहीं बीते दिनों ठंड व मौसम में चल रही शीत लहर ने दोबारा से गर्म कपड़ो की डिमांड बढ़ा दी है। ऐेसे में सर्दीयों के शुरूआत से ही मायूस बैठे कारोबारियों की चेहरे पर रौनके लौटने लगी है,क्योंकि अब फिर से गरम कपड़ों की बढिय़ा खरीददारी शुरू हो चुकी है।
लोहड़ी पर्व के बाद से तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है और ऐसे में जहां लोग जैकेट व गर्म कपड़ो की खरीददारी में लगे हुए है। वहीं टोपी व मफरल की भी जमकर खरीददारी की जा रही है। ताकि लोग इस ठंड व शीत लहर के मौसम में अपना बचाव कर सके और बीमारी से भी अपने को बचा सके। वहीं गर्म कपड़ो के संचालक सौरभ, सुरिंद्र, महेश का कहना है कि इस सीजन के शुरूआती दौर में तो गर्म कपड़ों का कारोबार पुरी तरह से प्रभावित हो रहा था। पंरतु इन दिनों ठंडक अधिक होने के कारण दोबारा से जैकेट, टोपी, मफरल आदि की खरीददारी की जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें