अंबाला। बीएसएनएल उपभोक्ताओं की लैंडलाइन, इंटरनेट और बिलिंग से जुड़ी समस्याओं के तुरंत निपटारे के लिए 26 मई को सुबह 11 बजे टेलीफोन अदालत एवं खुला दरबार का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अंबाला दूरसंचार जिला महाप्रबंधक कार्यालय में होगा। यहां खुद महाप्रबंधक उपभोक्ताओं की शिकायतों की सुनवाई करेंगे।
सहायक महाप्रबंधक ने बताया कि इस अदालत में 30 अप्रैल तक जारी हुए अधिक बिलों, एलएल/एफटीटीएच सर्विस और नया कनेक्शन मिलने में देरी जैसी शिकायतों का समाधान किया जाएगा। हालांकि, कोर्ट में लंबित या पुरानी अदालतों में निपट चुके मामलों पर विचार नहीं होगा। उपभोक्ता अपनी शिकायतें दो प्रतियों में जरूरी दस्तावेजों के साथ सहायक महाप्रबंधक (प्रचालन) कार्यालय में डाक द्वारा या सीधे जमा करवा सकते हैं। लिफाफे पर टेलीफोन अदालत लिखना अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए 0171-2601070 पर संपर्क कर सकते हैं।