अंबाला। अनुबंध कर्मचारियों को नौकरी सुरक्षा का अधिकार देने की प्रक्रिया तकनीकी खामियों की भेंट चढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग ने डेटा अपडेट करने की समय सीमा बढ़ाकर 27 फरवरी कर दी है। दूसरी ओर सुरक्षित नौकरी पोर्टल पर आ रही तकनीकी खराबी ने कर्मचारियों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थिति यह है कि कर्मचारी दस्तावेजों को अपलोड तो कर रहे हैं लेकिन कर्मचारियों के फार्म सही या गलत नहीं बताया जा रहा है। पोर्टल पर सही दस्तावेज अपलोड करने के बावजूद उन्हें बार-बार रद्द किया जा रहा है। ऐसे में यह आवेदन करना कर्मचारियों के गले की फांस बन चुका है। दिन में कई बार सर्वर डाउन होने पर पोर्टल ठप हो जाता है।
पहचान पत्र के बाद अब दस्तावेजों का फेर
कर्मचारियों ने बताया कि पहले वह परिवार पहचान पत्र की त्रुटियों को सुधारने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे। अब जब दस्तावेज तैयार हैं तो पोर्टल ही उन्हें स्वीकार नहीं कर रहा। पिछले 10 दिनों से मुख्यालय स्तर पर आवेदन स्वीकार नहीं हो रहे हैं। सिस्टम द्वारा बार-बार तकनीकी खामियां निकाली जा रही हैं। 20 फरवरी को इस फार्म की अंतिम तिथि थी। अधूरे फार्म वाले कर्मचारी को सुरक्षित नौकरी का सपना टूटता हुआ नजर आ रहा था। गनीमत यह रही कि मुख्यालय की तरफ से तिथि को 27 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है।
डाटा अधूरा होने पर बढ़ानी पड़ी तिथि
अंबाला जिला के ही अभी तक 200 कर्मचारियों का डाटा अभी तक अपलोड नहीं हो पाया है, इसमें स्वास्थ्य विभाग के अकेले 50 कर्मचारी है जो इस पोर्टल के फेर में उलझे हुए है। बड़ी संख्या में कर्मचारियों का डेटा पूरी तरह अपलोड न होने के कारण इसकी तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। कर्मचारियों की परेशानी को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने भी पत्राचार कर मुख्यालय स्तर पर इस परेशानी को उजागर कर दिया है। कर्मचारियों निखिल, मोहित, अजय, रघुवीर का कहना है कि पोर्टल पर आवेदन करते समय मोबाइल पर ओटीपी ही नहीं आ रहा। दिन के समय पोर्टल बेहद धीमा चलता है, जबकि रात में किसी तरह फॉर्म भरने की कोशिश की जा रही है। इसके बावजूद ओटीपी न आने से आवेदन अधूरा रह जाता है।
डाटा अपलोड होने के बाद नहीं रहेगा निकलने का खतरा
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी कर्मचारियों को अनुभव पत्र देने के बाद ही फाइनल पोर्टल पर अपलोड होगा, इनमें तकनीकी व गैर तकनीकी स्टाफ व अन्य श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। एक बार डाटा पोर्टल पर फ्रीज होने के बाद ये कर्मचारी सरकार की सुरक्षित नौकरी की पॉलिसी के दायरे में आ जाएंगे, जिससे उनकी छंटनी का डर खत्म हो जाएगा। उधर, कर्मचारियों में भी इसको लेकर खुशी का माहौल है। सभी अस्पतालों में विशेष स्टाफ कर्मचारियों के डाटा की जांच कर रहा है कि आखिर उनमें कोई गड़बड़ी है कि नहीं।
पोर्टल पर कर्मचारियों की आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। पोर्टल से जुड़ी परेशानियों को मुख्यालय स्तर पर दुरुस्त करवाया जाएगा, इसकी जानकारी अवगत करवा दी गई है।
- डॉ. पूजा पेंटल, पीएमओ अंबाला कैंट