- हरियाणा बोर्ड 12 वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर आज, दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक का समय निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी 12वीं की वार्षिक परीक्षा बुधवार से आरंभ हो जाएंगी। 25 फरवरी को अंग्रेजी (कोर/इलेक्टिव) की परीक्षा होगी। परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग ने पहले ही तैयारी पूरी कर ली है। नकल रहित परीक्षा के लिए फ्लाइंग टीमों का गठन किया गया है। परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार 10 वीं की परीक्षा 26 फरवरी से आरंभ होगी। जिले में इस बार सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के लिए 56 केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश है कि बिना वैध प्रवेश पत्र और सत्यापित फोटो के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। कैलकुलेटर और मोबाइल फोन पूरी तरह वर्जित हैं। पकड़े जाने पर केस दर्ज किया जाएगा। विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग छात्रों को प्रति घंटा 20 मिनट का अतिरिक्त समय और लेखक की सुविधा मिलेगी। मानचित्र कार्य के लिए पेंसिल और लॉग टेबल छात्रों को स्वयं लानी होगी।
डीईओ ने नकल रोकने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत केंद्र में प्रवेश से पहले छात्रों की सघन जांच होगी। मोबाइल, स्मार्ट वॉच और अन्य गैजेट्स पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। परीक्षा शुरू होने से पहले छात्रों को सत्यनिष्ठा का संदेश दिया जाएगा ताकि वे खुद नकल से दूर रहें।
12 वीं की परीक्षा का शेड्यूल
25 फरवरी को अंग्रेजी (कोर/इलेक्टिव), 2 मार्च को फिजिक्स और अर्थशास्त्र, 9 मार्च को केमिस्ट्री, अकाउंटेंसी और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, 17 मार्च को गणित 24 मार्च को हिंदी (कोर/इलेक्टिव), 27 मार्च को भूगोल, 1 अप्रैल को आईटी, रिटेल व अन्य कौशल विषय की परीक्षाएं होंगी।
10 वीं की परीक्षा का शेड्यूल (प्रमुख विषय)
26 फरवरी को गणित (स्टैंडर्ड/बेसिक), 28 फरवरी को हिंदी, 5 मार्च को अंग्रेजी, 12 मार्च को विज्ञान, 16 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को कौशल आधारित विषय की परीक्षाएं होंगी।
जिले के 56 स्कूलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षाएं संपन्न करवाई जाएंगी। उड़नदस्तों की तैनाती भी कर दी गई है।
सुधीर कालाड़ा, डीईओ, अंबाला।