अंबाला सिटी। महिलाओं की सुरक्षा व साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए अंबाला पुलिस की सेफ सिटी टीम की ओर से सोमवार को एक निजी अस्पताल में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया। इसमें सहायक उप निरीक्षक रेणू बाला और मुख्य सिपाही राजबीर कौर ने अस्पताल के स्टाफ को जागरूक किया। टीम ने उपस्थित महिलाओं व कर्मचारियों को डायल-112 और ट्रिप मॉनिटरिंग एप की जानकारी दी। मौके पर ही एप डाउनलोड करवाई। पुलिस का मुख्य उद्देश्य गांवों व कस्बों से आने वाली कामकाजी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। टीम ने यातायात नियमों और साइबर ठगी से बचने के तरीके भी सांझा किए। संवाद
पुलिस विभाग से छह अधिकारी व कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त
अंबाला सिटी। पुलिस ऑफिसर इंस्टीट्यूट में सोमवार को विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। डीएसपी जगबीर सिंह के नेतृत्व में अंबाला पुलिस परिवार के छह अधिकारियों व कर्मचारियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठ सेवा के बाद सम्मान के साथ विदा किया गया। समारोह में निरीक्षक शिशपाल, संजीव कुमार, सुरेंद्र सिंह व उप निरीक्षक सुशील कुमार, बलकार सिंह और मुख्य सिपाही राम कुमार को स्मृति चिन्ह और पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया गया। डीएसपी ने उनके स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि इन कर्मियों का अनुशासन अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा बनेगा। संवाद
शारदेडी में ग्रामीणों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प
मुलाना। एनडीपीएस सेल की टीम ने शारदेडी गांव में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। एएसआई रणदीप, एचसी बयंत कौर व एएसआई बबली की टीम ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वह नशे के अवैध कारोबार की सूचना सरकार के मानस पोर्टल हेल्पलाइन 1933 या मोबाइल नंबर 90508-91508 और 97299-90112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। संवाद