प्रधान विकास सिंगला की दुकान अमित ट्रेडिंग कंपनी के बाहर तैनात पुलिस व विभाग के कर्मी
- फोटो : Ambala
ट्रेड वेलफेयर एसो. और पंसारी बाजार के प्रधान विकास सिंगला की मुसीबतें बढ़ती ही जा रहीं हैं। पुलिस द्वारा विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करने के बाद प्रधान विकास सिंगला के चारों गोदाम और दुकान पर बुधवार को सेल टैक्स विभाग ने छापामारी की। विभाग की इस कार्रवाई से छावनी में हड़कंप मच गया। करीब 15 सदस्यों वाली 5 टीमें दोपहर 2 बजे से लेकर रात आठ बजे तक गोदाम और दुकान पर स्टाक के साथ दस्तावेजों का मिलान करती रही। इसके अलावा भी टीम को मौके से जो भी दस्तावेज मिले टीम ने उनको भी अपने कब्जे में लिया। समाचार लिखे जाने तक टीमें रिकार्ड और स्टॉक के मिलान में जुटी हुई थी। वहीं दूसरी और संस्था से पदाधिकारियों के त्यागपत्र का सिलसिला लगातार जारी है। अभी तक करीब 120 सदस्य संस्था से त्यागपत्र दे चुके हैं। त्यागपत्र देने वालों में साजन गुप्ता, तरुण गंभीर, सचिन गर्ग, उपप्रधान विनोद जौहर, विनय गोयल, अश्विनी आहुजा कैशियर, हरीश कपूर उप्रपधान, सौदागर बाजार से नीरज जैन, पीयूष गुगलानी, जसमीत सिंह, दलीप सोनी, संजय, विनय गुप्ता, विजय मोहन, मुकेश, राकेश कुमार, कृष्ण लाल, गौरव गुप्ता सहित अन्य शामिल हैं। बता दें कि संस्था से करीब 280 सदस्य जुड़ चुके थे। त्यागपत्र देने वालों का सिलसिला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हालांकि इनमें से करीब 30-40 सदस्य ही एक्टिव थे जोकि लगभग सभी त्यागपत्र दे चुके हैं।
संयुक्त निदेशक जीएसटी के निर्देशों पर हुई कार्रवाई
विकास सिंगला के चार गोदाम जिनमें एक खानपुर, मच्छी मोहल्ला सहित बाजार स्थित दो गोदामों पर सेल टैक्स विभाग की टीम ने संयुक्त निदेशक जीएसटी के निर्देशों पर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम की अगुवाई डिप्टी कमिश्नर जीएसटी सुरेंद्र कुमार ने की। इसके अलावा टीम में नीरज गर्ग ईटीओ, गजेंद्र गोयल, शैफाली अत्री, बिजेंद धनखड़, रमेश्वर दहिया व अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। डिप्टी कमिश्नर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि टीम की कार्रवाई रात तक चलती रही। अभी दस्तावेजों का मिलान और स्टॉक की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।
नप की टीम भी खंगाल रही रिकार्ड
उधर नगर परिषद की टीम ने भी प्रधान विकास सिंगला की दुकान का रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है। यह दुकान नक्शे के मुताबिक बनी है या नहीं। इसके अलावा इसका नक्शा पास भी करवाया गया है या नहीं यह रिकार्ड भी टीम ने खंगालना शुरू कर दिया है। बुधवार को नगर परिषद के सचिव राजेश कुमार टीम के साथ पंसारी बाजार पहुंचे थे। हालांकि उन्होंने यह कहा कि वह किसी अन्य काम से बाजार में गए थे। उधर प्रधान विकास सिंगला की दुकान के बाहर पुलिस का पहरा 5वें दिन भी जारी रहा।