अंबाला सिटी। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर अब हर जिले के स्थानीय नेताओं की नब्ज टटोलना चाहते हैं। वे लोकसभा चुनावों से पहले जिले के सभी जिलाध्यक्ष, महामंत्रियों और ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात कर हर जिले में कांग्रेस की स्थिति और दावेदार प्रत्याशियाें पर रायशुमारी लेना चाहते हैं, जिससे कि पार्टी एकजुट होकर कर लोकसभा चुनाव के लिए काम करें।
गौरतलब है कि फूलचंद मुलाना के बाद सिरसा के सांसद डॉ. अशोक तंवर को प्रदेश में अध्यक्ष नियुक्त किया है। तंवर के कंधों पर उस वक्त पार्टी हाईकमान ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जब लोकसभा चुनाव के साथ-साथ सूबे में विधानसभा चुनाव भी सिर पर हैं। खैर, डॉ. अशोक तंवर ने भी इन चुनौतियों को स्वीकारते हुए पार्टी की ओर से चुनावी तैयारियाें शुरू कर दी है। इसके चलते डॉ. अशोक तंवर पूरे प्रदेश में सभी जिलाध्यक्षों, महामंत्रियों और ब्लॉक अध्यक्षों से रूबरू होकर लोकसभा चुनावों पर चर्चा करना चाहते हैं।
वे हर जिले के स्थानीय नेताओं की नब्ज टटोलकर ये देखना चाहते हैं कि किसी जिले में टिकट के कितने दावेदार है, उन दावेदारों का वजन क्या है? चुनाव में नेतागण कैसे काम करेंगे और क्या एजेंडा लेकर पब्लिक के बीच जाकर वोट मांगेंगे। इसके अलावा मीटिंग में सभी स्थानीय नेता अपने-अपने इलाके में कांग्रेस की स्थिति से प्रदेशाध्यक्ष को अवगत कराएंगे और प्रदेशाध्यक्ष सभी को जरूरी दिशानिर्देश देंगे। इसके लिए तंवर ने हरियाणा में सभी जिलाध्यक्षों की तीन मार्च को और ब्लाक अध्यक्षाें की चार मार्च को चंडीगढ़ में बैठक बुलाई है।
चुनाव से संबंधित जो प्लानिंग की है, वो मीटिंग में लेकर जाएंगे। वहां लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा होनी है। पार्टी की ओर से जो भी निर्देश होंगे, उसके मुताबिक ही काम किया जाएगा।
हरीश सासन, जिलाध्यक्ष, अंबाला शहर
मीटिंग में लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा होनी है, हमने अपने इलाके की स्थिति से आला नेताओं को अवगत करवाना है। उनके बाद पार्टी ने तय करना है कि अंबाला से किसे चुनाव लड़ाना है। पार्टी जो भी प्रत्याशी घोषित करेगी, उसके लिए काम किया जाएगा।
नरेंद्र पाल शेरा, जिलाध्यक्ष, अंबाला शहर
ब्लॉक अध्यक्षों की चार मार्च को होने वाली बैठक की तैयारी कर ली गई है। वहां चुनावों को लेकर जो भी निर्देश दिए जाएंगे, उन निर्देशों से यहां कार्यकर्ताओं को अवगत कराकर आगे काम किया जाएगा।
हीरालाल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष