अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड के अधीन वात्सल्य स्कूल का छात्र तांशू आज यानी बुधवार को अंबाला पहुंचेगा। इटली में आयोजित की गई अंतरराष्ट्रीय आइस स्केटिंग में पदक जीतकर लौटे तांशू का ढोल-नगाड़ों के बीच स्वागत होगा।
तांशू को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से सुबह सीधा वात्सल्य स्कूल ले जाया जाएगा। यहां वो जीते हुए पदकाें को दिखाएगा तो वहीं स्कूल प्राचार्य सहित विभागीय अधिकारियों का आशीर्वाद भी प्राप्त करेगा। कैंटोनमेंट बोर्ड ने तांशू के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया है जोकि वात्सल्य स्कूल के प्रांगण में होगा। स्कूल के प्राचार्य यशपाल ने बताया कि तांशू ने पदक जीतकर पूरे विश्व में भारत, हरियाणा व अंबाला का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि बोर्ड क्षेत्र में बसने वाले लोगों के लिए भी एक सौगात है। इसके अलावा वात्सल्य स्कूल के बच्चों में भी खुशी की लहर है और वो अपने हीरो का स्वागत करने के लिए बेताब हैं।
स्पेशल ओलंपिक 2025 शीतकालीन खेलों के लिए 49 प्रतिभागियों का एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल भेजा था। ये स्पर्धाएं इटली में आठ से 15 मार्च तक आयोजित की गईं। इसमें स्पीड स्केटिंग, अल्पाइन स्कीइंग, क्रॉस कंट्री स्कीइंग, फ्लोरबॉल, स्नोबोर्डिंग और स्नोशूइंग प्रतियोगिताएं शामिल थीं। स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड विंटर स्पर्धाओं में 102 देशों के 1500 प्रतिभागियों ने अपने जौहर का प्रदर्शन किया।
तांशू जीत चुके रजत और जीता कांस्य पदक
इटली के ट्यूरिन शहर में आइस स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें भारत की तरफ से अंबाला के तांशू को चुना गया था। उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए आइस स्पीड स्केटिंग स्पर्धा की 500 मीटर दौड़ की श्रेणी में हिस्सा लेकर 1 रजत पदक हासिल किया। इसी स्पर्धा के तहत 777 मीटर स्पीड स्केटिंग दौड़ में भी तांशू ने एक कांस्य पदक जीता।
वर्जन
तांशू के सम्मान में बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है जोकि वात्सल्य स्कूल में होगा। उसकी इस खुशी में स्कूल के छात्र, स्टाफ, बोर्ड अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। तांशू लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर विश्व में भारत, हरियाणा और अंबाला का नाम रोशन कर रहा है।
राहुल आनंद शर्मा, सीईओ कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला।