मुलाना। गांव टंगैल स्थित गुरु रविदास मंदिर में 1985 में बनी हरिजन चौपाल अब खस्ताहाल हो चुकी है। चौपाल की छत से प्लास्टर गिरता रहता है। इससे हादसा घटित होने का भय रहता है। मंदिर में श्रद्धालु आते है, ऐसे में यह खतरा और बढ़ जाता है। इसके चलते संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास मंदिर सभा टंगैल की ओर से प्रशासन से इसे जल्द से जल्द तुड़वाने की मांग की गई है।
मंदिर कमेटी प्रधान गुरमीत, मामचंद, बलबीर, अमरनाथ, जयपाल, राजकुमार, मामचंद, श्योराम, वीरेन, मंयक व अन्य ने बताया कि श्री गुरु रविदास जयंती नजदीक है। उस दिन मंदिर में श्रद्धालु पहुचेंगे लेकिन मंदिर से सटी इस चौपाल के हालात खस्ता है। छत का कई जगह से सरिया दिख रहा है। छत का प्लास्टर भी टूटकर गिरता रहता है। ऐसे में किसी हादसे का भय बना रहता है। उन्होंने बताया कि यह चौपाल तत्कालीन मुलाना विधायक फूलचंद मुलाना ने इसका वर्ष 1985 में शिलान्यास किया था। कमेटी सदस्यों के अनुसार उसके बाद से इस चौपाल पर कोई रिपेयर तक नहीं की गई ।
प्रधान गुरमीत ने बताया कि वो लंबे समय से इस चौपाल की समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है लेकिन उनका हल नहीं हो रहा है। उन्होंने कमेटी की ओर से इस बारे एक रेजोल्यूशन डालकर बीडीपीओ बराड़ा को सौंपा था। वहीं ग्राम पंचायत के माध्यम से भी प्रयास किया लेकिन हल नहीं निकला। गुरमीत का कहना है कि चौपाल की खस्ताहाल को देखते हुए प्रशासन को इसे जल्द से जल्द तोड़ देना चाहिए ताकि कोई हादसा घटित न हो।