संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने संगरानी गांव का दौरा कर रूण नदी से हुए भूमि कटाव का जायजा लेते हुए रेत के बैग लगाने के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंंने सरपंच व ग्रामवासियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर पत्थरों की दीवार बनवाने के कार्य में ग्रामीण सहयोग करें, जिससे नदी के किनारे भूमि कटाव की स्थाई तौर पर प्रबंध हो सके। एसडीएम शिवजीत भारती ने उपायुक्त को बताया कि जिस दिन इस नदी में उक्त स्थान पर कटाव हुआ था, उस दिन ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया था और सिंचाई विभाग को निर्देश देकर यहां पर रेत के कट्टे लगाकर रोकथाम का कार्य शुरू करवाया गया था, इससे पूर्व उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने लघु सचिवालय के कांफ्रेंस हॉल में उपमंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक में पिछले कुछ दिनों में रुक-रुक कर हुई बारिश से प्रभावित क्षेत्रों एवं नदियों से हुए भूमि कटाव की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए, वहीं, उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को भी निर्देश दिए ताकि पुराने भवन में बच्चों को न बिठाए जाएं।
स्वास्थ्य शिविर लगाने के दिए निर्देश
उपायुक्त ने एसएमओ को निर्देश दिए कि लोगों को वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से सचेत किया जाए और स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाए। नायब तहसीलदार व बीडीपीओ को निर्देश दिए कि वह पटवारियों व ग्राम सचिवों के माध्यम से लोगों को ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल के बारे में जानकारी दें और नुकसान का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार करें ताकि इसे सरकार को भेजा जा सके।
शिक्षा विभाग को निर्देश पुराने भवन में न बिठाए जाएं बच्चे
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूलों में और महिला एवं बाल विकास अधिकारी आंगनबाड़ी केंद्रों में यह देखें कि पानी का जमाव न हो और पुराने भवन में बच्चों को न बैठाया जाए ताकि किसी हादसे की संभावना न रहे।