अंबाला। भीषण गर्मी के बीच अंबाला की सभी ग्राम पंचायतों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सतर्क हो गया है। विभाग की मोबाइल वैन पानी की शुद्धता के लिए गांवों में जाकर पेयजल के सैंपल लेकर मौके पर ही उसकी गुणवत्ता की जांच करेगी। शुक्रवार को मोबाइल वैन ने साहा की खाडूखेड़ा, मिठ्ठापुर, समलेहड़ी, मेहताबगढ़, टोबा महमुदपुर व मलिकपुर में जाकर जांच की। 27 अप्रैल तक यह वैन अंबाला में ही रहकर अलग-अलग ग्राम पंचायतों में जाकर जांच करेगी।
कार्यकारी अभियंता अनिल चौहान ने बताया कि सैंपल की रिपोर्ट को हेडक्वार्टर भेजा जाएगा। अगर कोई सैंपल फेल मिलता है तो कार्रवाई वहीं से तय होगी। इस मौके पर ब्लॉक संसाधन समन्वयक सुनील कुमार, रविंद्र कुमार, जूनियर इंजीनियर शैलेंद्र भवानी आदि मौजूद रहे।
विभाग के जिला सलाहकार अमित खोसला ने बताया कि वाटर टेस्टिंग मोबाइल वैन एक दिन में सात ग्राम पंचायतों में जाएगी। एक ग्राम पंचायत से एक ही सैंपल लिया जाएगा, जिसमें पानी की टीडीएस, पीएच, फ्लोराइड, आयरन, टोटल हार्डनेस, सल्फेट, नाइट्रेट, जिंक, टुबीडीटी की जांच होगी। लैब में 10 पैरामीटर की जांच होती है जिसकी केमिकल जांच करके गुणवत्ता परखी जाएगी। इसके परिणाम को भारत सरकार व विभाग की वेबसाइट पर अपडेट किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक दिन का रोड मैप भी बना लिया गया है। विजिट के उपमंडल अभियंता शैलेंद्र भवानी ने बताया कि संबंधित उपमंडल अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और बीआरसी की टीम केमिकल जांच के लिए समन्वय स्थापित करेंगे।
यह है शेड्यूल
वैन 11 अप्रैल को साहा के फुलेलमाजरा, अकबरपुर, तेपला, जवाहरगढ़, बिहटा, हरड़ा, ढोकला जाएगी। इसके अलावा 12, 13 व 15 अप्रैल को बराड़ा, 18 अप्रैल को अंबाला टू और 19, 20, 21 अप्रैल को अंबाला वन में जाएगी। 22 और 25, 26 अप्रैल को शहजादपुर, 27 अप्रैल को नारायणगढ़ में जाएगी।