अंबाला। बस स्टैंड पर बद्दी (हिमाचल प्रदेश) जाने के लिए बस में चढ़ रही एक महिला के गले से अज्ञात युवक ने भीड़ का फायदा उठाकर सोने की चेन झपट ली। पड़ाव थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात ई-रिक्शा चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी रेनू त्यागी ने लाल कुर्ती चौकी पुलिस को शिकायत दी। इसमें बताया कि वे 10 नवंबर को पति मनोज त्यागी और बेटे के साथ मेरठ से ट्रेन के जरिये अंबाला छावनी पहुंची थीं। रात करीब 8:45 बजे जब वे बद्दी जाने वाली हिमाचल रोडवेज की बस में चढ़ रही थीं, तभी पीछे खड़े एक युवक ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस बीच आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और भीड़ में ओझल हो गया।
बस में चढ़ने पर चेन गायब मिली। इस दाैरान पीछे खड़े चश्मदीद चंडीगढ़ निवासी कर्मजीत सिंह ने युवक को चेन ले जाते देखने की बात कही। उस समय कार्यालय बंद होने से सीसीटीवी फुटेज नहीं देखी जा सकी थी। अब फुटेज खंगालने पर आरोपी ई-रिक्शा पर आता-जाता दिख रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।