अंबाला। गांव बोह में आगामी 20 नवंबर को ठाकुर जी और माता तुलसी जी का शुभ विवाह बड़े ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न होगा। इस आयोजन के लिए आयोजकों और ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है। 20 नवंबर को दोपहर 12 बजे श्री राधा कृष्ण मंदिर से ठाकुर जी की बरात प्रस्थान करेगी। पक्का तालाब से प्रारंभ होकर यह बरात बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ नाचते-गाते हुए संदीप शर्मा के निवास स्थान पर पहुंचेगी। बरात के भव्य स्वागत के लिए पूरे मार्ग में सजावट और सत्कार की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस पावन अवसर पर वर पक्ष (ठाकुर जी) की ओर से ज्ञानेश पुरी व रामेती देवी और वधू पक्ष (तुलसी जी) की ओर से संदीप शर्मा व रिंकी शर्मा के परिवार ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को सादर आमंत्रित किया है। आयोजकों ने समस्त ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विवाह समारोह की शोभा बढ़ाने और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।