अंबाला सिटी। जिले के राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाएं खत्म होने के बाद पांच दिन में स्कूल में टैबलेट जमा कराना होगा। अगर विद्यार्थी स्कूल में टैबलेट जमा नहीं कराएगा तो उसका परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया जाएगा।
ई-अधिगम कार्यक्रम के तहत स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से जिला के कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के करीब 21 हजार विद्यार्थियों को निशुल्क टैबलेट दिए गए थे। विद्यालय में टैबलेट वापस लेने के लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से नई एसओपी जारी की गई है। इसके तहत बोर्ड परीक्षाएं खत्म होने के बाद पांच दिन के अंदर विद्यार्थियों को टैबलेट, डाटा सिम व टैबलेट के साथ दिया गया अन्य सामान विद्यालय को जमा करवाना होगा अन्यथा बोर्ड विद्यार्थियों का परिणाम जारी नहीं करेगा और डिजी लॉकर पर भी उसका परिणाम उपलब्ध नहीं करवाया जाएगा।
इसके लिए लेकर विद्यालय मुखिया, कक्षा प्रभारी और एसएमसी के सहयोग से फोन इत्यादि अन्य माध्यमों के द्वारा सभी विद्यार्थियों को इस बारे सूचित किया जाएगा। ई-अधिगम का कार्य जिला वितरण नोडल अधिकारी दीपक मित्तल और जिला गणित विशेषज्ञ व ई-अधिगम नोडल अधिकारी सुशील अरोड़ा की देखरेख में चल रहा है।
सिम खोने पर पुलिस को देनी होगी सूचना
जिला गणित विशेषज्ञ एवं ई-अधिगम के नोडल अधिकारी सुशील अरोड़ा ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से यह निर्देश भी दिए गए हैं कि यदि किसी विद्यार्थी से टैबलेट या सिम कार्ड खो जाता है या चोरी हो जाता है तो विद्यार्थी व संबंधित माता-पिता द्वारा नजदीकी पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी और वह विद्यार्थी व संबंधित माता-पिता द्वारा इस एफआईआर की प्रति के साथ लिखित प्रार्थना पत्र विद्यालय को जमा करवाना होगा। सभी विद्यालयों के मुखिया द्वारा ऐसे सभी विद्यार्थियों की सूची जिन्होंने विद्यालय में टैबलेट वापस जमा नहीं करवाया गया। उनकी सूचना अवसर पोर्टल पर उपलब्ध करवानी होगी और साथ ही चोरी हुए या गुम हुए टैबलेट की सूचना व एफआईआर की प्रति भी अवसर पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। सभी विद्यालयों के मुखिया द्वारा वापस आए सभी टैबलेट को अवसर पोर्टल पर तय समय सीमा के अंतर्गत रीसेट भी करना होगा।
वर्जन
सभी संबंधित विद्यालयों को इस बारे एसओपी सहित निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए हैं। विद्यालय मुखिया सभी विद्यार्थियों से टैबलेट व अन्य सामान वापस मिलने पर अपने विद्यालय के स्टॉक रजिस्टर में एंट्री करवाना सुनिश्चित करेंगे ताकि विद्यालय के पास संपूर्ण रिकॉर्ड रहे कि किन-किन विद्यार्थियों ने टैबलेट वापस नहीं किया है। सभी विद्यालय मुखिया शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी की गई एसओपी का पूर्णतया पालन करेंगे।
सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।