अंबाला। जिले में अचानक से कई आधार कार्ड बनाने वाले सुपरवाइजरों की आधार आईडी निष्क्रिय कर दी गई हैं। जिस कारण आधार केंद्र अनिश्चित काल के लिए बंद हैं। इसके लिए ऑपरेटर ने आधार केंद्र पर नोटिस चस्पा कर दिया है। वहीं आधार केंद्रों पर पहुंचने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। हैरानी की बात है कि ऑपरेटरों को पता भी नहीं है कि उनकी आईडी क्यों निष्क्रिय की गई है। आधार आईडी बंद होने से लोग आधार कार्ड नहीं बनवा पा रहे हैं। इस दौरान 21 दिन के बच्चे से लेकर आठ महीने के बच्चे का आधार कार्ड बनवाने के लिए आईं महिलाओं को भी मायूस होना पड़ा।
इन केंद्रों पर आईडी हुई हैं बंद
अंबाला छावनी में नागरिक अस्पताल, एसडीएम कार्यालय, अंबाला शहर में एसडीएम कार्यालय, नागरिक अस्पताल, नगर निगम कार्यालय और बराड़ा में एसडीएम कार्यालय, नारायणगढ़ नागरिक अस्पताल में यूआईडीएआई द्वारा ऑपरेटरों की आधार आईडी बंद की गई हैं। जिसके कारण सोमवार को इन सेंटरों पर महिलाओं को नवजात बच्चों के नए आधार कार्ड, आधार कार्ड अपडेट, अंगुली के निशान अपडेट, आधार में मोबाइल नंबर अपडेट, आधार में फोटो अपडेट संबंधी काम प्रभावित रहे हैं।
-
फोटो: 10
डेढ़ घंटे तक इंतजार करती रही सास बहू
केसरी निवासी सुनीता ने बताया कि वह आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए आई थी। लेकिन डेढ़ घंटे इंतजार करने के बाद पता चला कि आइडी नहीं चल रही है।
फोटो: 11
कड़कड़ाती ठंड में 21 दिन के बच्चे को लेकर पहुंची मां
महेश नगर निवासी प्रियंका ने बताया कि इस कड़कड़ाती ठंड में अपनी मां रजनी के साथ अपने 21 दिन के बच्चे को लेकर छावनी नागरिक अस्पताल स्थित आधार सेंटर पर उसका आधार बनवाने के लिए आई थी। अब एक घंटे बाद पता चल रहा है कि आधार की आईडी बंद है। बड़ी मुश्किल से वह अपने बच्चे को इस ठंड से बचाते हुए लेकर आई थी।
फोटो: 12
सात महीने के बच्चे का नया आधार कार्ड बनवाने पहुंची मां
छावनी की रामकिशन कॉलोनी निवासी खुर्शिदा ने बताया कि वह अपने सात महीने के बच्चे अली को लेकर नागरिक अस्पताल में आधार कार्ड बनवाने के लिए आई है। यहां पर आपरेटर बोल रहा है कि बच्चे का आधार नहीं बनेगा, कहीं ओर चले जाओ।
फोटो: 13
दिहाड़ी तोड़कर पहुंचा आधार अपडेट करवाने
पूजा विहार निवासी छोटे लाल ने बताया कि उसने अपने आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करवाना था। तो वह नागरिक अस्पताल में आधार सेंटर पर आया, लेकिन यहां पर इंतजार करवाने के बाद बोल रहे हैं कि आधार अपडेट नहीं होगा। वह पहले ही अपनी दिहाड़ी छोड़कर आई है।
वर्जन
कुछ आईडी की मशीनें ब्लॉक हो गईं हैं। इसको लेकर चंडीगढ़ आधार केंद्र से पत्राचार किया गया है। जल्द आईडी चलवाई जाएगी।
ब्रह्मजीत सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त