अंबाला सिटी। सुपर-100 लेवल टू की परीक्षा को लेकर शेड्यूल जारी हो गया है। इस परीक्षा में जिलेभर से 40 विद्यार्थी बैठेंगे। यह परीक्षा विकल्प फाउंडेशन की ओर से कुरुक्षेत्र में ली जाएगी।
परीक्षा के लिए 28 और 29 अप्रैल को विद्यार्थियों को तैयारी करवाई जाएगी। इसके बाद 30 अप्रैल को परीक्षा ली जाएगी। इसके बाद प्रदेश में बैच टू की परीक्षा 1 से 3 मई और बैच तीन में 5 से 7 मई तक परीक्षा करवाई जाएगी।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि सुपर-100 में लेवल वन की परीक्षा का आयोजन खंड स्तर पर किया गया था। खंड स्तर पर उत्तीर्ण 40 विद्यार्थी अब जिला स्तर पर इस परीक्षा में बैठेंगे। प्रदेशभर से विद्यार्थियों को दो वर्षीय आवासीय प्रशिक्षण के लिए चयनित किया जाएगा। इन विद्यार्थियों को जेईई और नीट प्रवेश परीक्षा के लिए निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
दरअसल, जिले के राजकीय स्कूलों से कई विद्यार्थी सुपर-100 के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर जेईई और नीट की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। अब यह विद्यार्थी अलग-अलग आईआईटी व मेडिकल संस्थानों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विभाग की यह योजना राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के कारगर साबित हो रही है। यही नहीं राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों में पढ़ने वाले कई विद्यार्थी भी इस योजना के लिए चयनित हो चुके हैं।