करनाल। पंजाब और रोहतक में हत्या की साजिश रचने वाले कुटेल के पास पकड़े गए गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े चार आरोपियों का शुक्रवार को रिमांड पूरा हो गया है। जिन्हें अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है जबकि मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी परमीत का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसे शनिवार छुट्टी मिलने के बाद अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जा सकता है। रिमांड के दौरान पुलिस को दो और संदिग्धों के नाम मिले हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में अब तक कुल सात गिरफ्तारी हो चुकी हैं, जिनमें से दो को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
सीएआईए-1 के प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि 30 जून को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कुटेल गांव के नजदीक रिंग रोड से उनकी टीम ने कार में सवार पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से आठ पिस्तौल और 30 कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी पंजाब के फिरोजपुर पहुंचकर चंदू फिरोजपुरिया और कलानाैर में अवतार कालिया की हत्या की साजिश रच रहे थे।
रोहतक के कलानाैर निवासी पूर्व पार्षद पवन उर्फ पोन्ना, बाबा कालोनी निवासी जतिन, खरखाैदा की संत कालोनी निवासी राहुल, पानीपत के शहरमालपुर निवासी नवदीप और कपिल को गिरफ्तार किया था। इस दाैरान बदमाश परमीत माैके से भाग गया। जिसे एक जून को मुठभेड़ के बाद काबू किया। इससे पहले हथियारों की सप्लाई करने वाले खरखाैदा निवासी आकाश को काबू किया था। कपिल और आकाश को अदालत ने न्यायिक हिरासत और अन्यों का तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया।