मुलाना। 24 घंटे बिजली देने की मांग कर रहे ग्रामीणों ने बुधवार को उगाला सबस्टेशन में घुसकर बिजली सप्लाई ही काट दी। इससे करीब आधा दर्जन गांवों में बिजली गुल हो गई।
करीब दो घंटे तक ब्रेकडाउन रहा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में कर्मचारियों ने सप्लाई को सुचारु किया। अब ग्रामीण 28 जुलाई को नारायणगढ़ में होने वाली हुड्डा की रैली में शिकायत करेंगे।
यह है मामला : उगाला गांव के ग्रामीण चौबीस घंटे बिजली सप्लाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब सबस्टेशन के लिए पंचायत ने जमीन दी थी, तब तय हुआ था कि गांव को चौबीस घंटे बिजली दी जाएगी लेकिन अब कुछ घंटे ही बिजली आती है, उसमें भी कट लगते हैं। इसी को लेकर पहले ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी थी, बात नहीं बनी तो सबस्टेशन पर ताला जड़ दिया और बाहर धरने पर बैठ गए। नौ दिन से ग्रामीण पावर धरने पर बैठे हैं।
मार्केट प्रधान नेत्र पाल राणा, सरदार हरजिंदर सिंह, सुरेश अग्रवाल, सुरेंद्र पाल, ब्रजेश कुमार, भंवर सिंह, सतपाल सिंह, राकेश कुमार, हरभजन सिंह, रिंकू प्रजापत, अशोक अग्रवाल व नरेंद्र फौजी ने कहा कि वे किसी भी अधिकारी से मिलने नहीं जाएंगे। बुधवार को एसडीएम बराड़ा अश्वनी शर्मा व एसीपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि वे डीसी से मिलकर बातचीत करें लेकिन लोगों ने कहा कि अगर कोई मिलना चाहे तो जनता के बीच आकर उनकी बात सुन सकता है। धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि 24 घंटे बिजली लेना उनका अधिकार है, वह शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं।