अंबाला। बराड़ा की शिव कॉलोनी में 10वीं कक्षा के छात्र व उसके दोस्त पर दर्जनभर ने हमला कर दिया। दोनों पर ईंटे बरसाने के बाद लात व मुक्कों से पिटाई कर दी। पुलिस ने घायल दसवीं कक्षा के छात्र विशु की शिकायत पर कार्रवाई की। बराड़ा पुलिस ने पुनीत, कुणाल, शंकर, शंटी व अन्य पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता बराड़ा की शिव कॉलोनी निवासी विशु ने बताया कि वह मॉडर्न स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र है। 19 दिसंबर को वह और प्रिंस पैदल अपने घर से दशहरा मैदान की तरफ जा रहे थे। यहां पहले से ही करीब 24 व्यक्ति खड़े थे जिन्होंने अचानक उसपर हमला कर दिया। वह मौके से भागने लगे तो आरोपियों ने पीछा कर दोनों को अलग-अलग जगह पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। विशु ने बताया कि मारपीट में लाते, मुक्के और ईंटे मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। इस मारपीट में एक दांत टूट गया व तीन दांत हिल गए। भीड़ जमा होती देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए। अंबाला कैंट रेफर होने के बाद वह दोनों मुलाना एमएमयू अस्पताल में दाखिल हो गए थे।