- ब्लॉक सेक्शन और बिना एस्कॉर्ट वाली ट्रेनों में बढ़ रही चुनौती, अधिकृत अधिकारियों को गिरफ्तारी का दिया अधिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। उत्तर रेलवे मुख्यालय ने चलती ट्रेनों में अनधिकृत अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) की बढ़ती घटनाओं पर सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन घटनाओं से ट्रेनों की समय सारिणी पर बुरा असर पड़ रहा है। उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने छह मंडलों को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए हैं। यह पत्र दिल्ली, लखनऊ, मुरादाबाद, फिरोजपुर, अंबाला और जम्मू मंडलों के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधकों को भेजा गया है।
इसमें टीटीई, ट्रेन गार्ड, स्टेशन मास्टरों और अन्य ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों को सक्रिय होने को कहा गया है। एसीपी की अधिकांश घटनाएं ब्लॉक खंडों और छोटे स्टेशनों पर होती हैं। यहां आरपीएफ या जीआरपी की तैनाती नहीं होती। सुरक्षाकर्मी रहित ट्रेनों में भी यह चुनौती बढ़ रही है। आरोपी की पहचान और एसीपी का कारण जानने की जिम्मेदारी केवल आरपीएफ पर नहीं है। अन्य विभागों के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचकर आरपीएफ और जीआरपी को सहयोग दें। रेल अधिनियम, 1989 की धारा 179(2) के तहत अधिकृत अधिकारी बिना वारंट गिरफ्तारी कर सकते हैं। वाणिज्य, परिचालन, सतर्कता विभाग के समूह ''ए'' तथा आरपीएफ में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) व उससे ऊपर के अधिकारी गिरफ्तारी के लिए अधिकृत हैं।
पोर्टल पर गलत एंट्री और अनियमितताएं
मुख्यालय ने आईसीएमएस पोर्टल पर ट्रेन ठहराव दर्ज करने में अनियमितताओं पर चिंता जताई। तकनीकी खराबी, धुआं उपकरण सक्रिय होने या लोको चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने को भी एसीपी दिखाया जाता है। कई मामलों में कोच नंबर, सटीक स्थान या रिपोर्ट करने वाले कर्मचारी का विवरण दर्ज नहीं होता। वास्तविक देरी और दर्ज की गई अवधि में अंतर मिलता है। ज्ञापन आरपीएफ को नहीं सौंपे जाते।
अक्तूबर में कई एसीपी घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें गलत रिपोर्टिंग सामने आई। 17 अक्तूबर को बनारस स्टेशन पर एक मिनट एसीपी दर्ज हुआ, पर विवरण अधूरा था। 18 अक्तूबर को मुरादाबाद मंडल में 15 मिनट एसीपी दर्ज हुई, पर आरपीएफ ने इसे अस्वस्थता से दबाव में कमी बताया। 21 अक्तूबर को फिरोजपुर मंडल में 94 मिनट का ठहराव एसीपी दिखाया गया, जो तकनीकी खराबी से हुआ था।
ट्रेनों में बेवजह चेन पुलिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। इससे यात्रियों का समय तो खराब होता ही है और ट्रेन भी लेट हो जाती है। ऐसी ही कुछ गड़बड़ियां मिली हैं। इस संबंध में लिखित आदेश जारी करके व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नवीन कुमार, उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे।