अंबाला। स्वामित्व योजना के तहत तह-बाजारी के दर्जनों दुकानदारों को उनकी दुकानों का मालिकाना हक मिल गया है। दुकानों की रजिस्ट्रियां भी हो गई हैं। इस खुशी को साझा करने के लिए दुकानदार शनिवार को हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के आवास पर पहुंचे और उनके प्रयास से मिले मालिकाना हक को लेकर आभार जताया।
इस दौरान राय मार्केट एवं अन्य बाजारों के दर्जनों तह-बाजारी के दुकानदार पहुंचे। दुकानदार विनोद कुमार, अरुण साहू, सोनू दुआ, सुखविंद्र दुआ, वेदप्रकाश आदि ने कहा कि ऊर्जा मंत्री अनिल विज के प्रयास से ही उन्हें इस योजना का लाभ मिल सका है। आज उन्हीं की बदौलत वो तह-बाजारी की दुकानों के मालिक बने हैं। इससे पहले वह नगर परिषद के किराएदार थे। अब वह दुकानों का नए सिरे से निर्माण भी करवा सकेंगे। संवाद