दुर्गा नगर के 8-10 बदमाशों ने घुसकर एक परिवार पर ईंट -पत्थरों से हमला कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी बदमाश इस दौरान महिला के गले से चैन भी छीनकर ले गए।
शिकायतकर्ता सुरेंद्र सैनी ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि 11 अगस्त की रात उनके घर पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। इस हमले में सुरेंद्र व उनकी पत्नि सीमा को घायल हो गए। सुरेंद्र ने बताया कि वह परिवार के साथ सो रहा था। इस दौरान अचानक दरवाजे पर किसी ने दस्तक दी। दरवाजा खोला तो करीब 12 बाइक सवार लड़के घर के बाहर जोर-जोर से चिल्ला रहे थे। जब उनसे हल्ला मचाने का कारण पूछा तो वह मेरे बेटे संजय के बारे में पूछने लगे। इसके बाद उन्होंने उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान उन्होंने सीमा के गले में पड़ी सोने की चैन पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान उनका बेटा भी नींद से जग गया ओर नीचे आ गया। उसने एक हमलावर को पहचान लिया है। वहीं 11 दिन बाद भी पुलिस हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय हमें ही धमकाने में लगी है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल:-
पीड़ित सुरेंद्र ने बताया कि मेरे परिवार पर 11 अगस्त की रात बदमाशों द्वारा किए हमले को लेकर सेक्टर 9 थाने में शिकायत दी गई थी। मेडिकल करवा रिपोर्ट भी साथ लगा दी थी। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
हमारे पास सुरेंद्र सैनी की शिकायत आई थी। पीड़ितों ने मेडिकल तो करवा लिए थे। सीटी स्कैन की रिपोर्ट जिस डॉक्टर ने देनी थी वह कोरोना से संक्रमित होने के कारण क्वांरटीन थे। इस कारण केस दर्ज होने में इतना समय लगा।
हमीर सिंह, एसएचओ थाना सैक्टर 9