हाउसिंग बोर्ड के मंदिर में चल रही कीर्तन के दौरान हुए पथराव में चोटिल नेत्रहीन छोटे लाल: स्वयं
अंबाला। छावनी के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित पार्क में बने मंदिर में 15 अगस्त को चल रहे श्री कृष्ण जन्माष्टमी के कीर्तन के दौरान पथराव का मामला सामने आया है। इस पथराव में नेत्रहीन व्यक्ति छोटे लाल के सिर में गहरी चोट आई है। जबकि कीर्तन में बैठे अन्य श्रद्धालुओं ने इधर-उधर भागकर अपने आप को सुरक्षित किया। भक्त विशाल, छोटे लाल का आरोप है कि यह पथराव हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की बड़ी दीवार के पीछे डेहा कॉलोनी की तरफ से हुआ था।
हालांकि किसी ने हमलावरों को नहीं देखा। एकजुट होकर भक्तों ने हाउसिंग बोर्ड चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह से भी मुलाकात कर कार्रवाई करने को कहा, साथ ही छोटे लाल का प्राथमिक उपचार करवाने के बाद मेडिकल रिपोर्ट सौंपी, इसके बाद मंदिर में शनिवार को दोबारा से श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई और कीर्तन किया गया। इस वारदात से स्थानीय लोगों में रोष है। विशाल व छोटे लाल का कहना है कि रविवार को इस वारदात के रोष स्वरूप एक मार्च हाउसिंग बोर्ड चौकी तक निकाला जाएगा ताकि यह वारदात दोबारा न हो सके। चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।