अंबाला। पड़ाव थाना क्षेत्र में दो युवकों से मिली दो किलो 600 ग्राम अफीम के मामले में एसटीएफ अंबाला की टीम ने झारखंड में दबिश देकर मुख्य नशा तस्कर मोहम्मद नसीम आलम को दबोचा।
अफीम के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी नसीम से ही करीब साढ़े तीन लाख में अफीम खरीदकर लाए थे। दोगुणा मुनाफे के चक्कर में अफीम लाकर थोड़ी-थोड़ी कर ग्राहकों को बेचते थे।
एसटीएफ अंबाला की टीम ने नसीम को शुक्रवार कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि इस मामले में छह दिन के रिमांड पर चल रहे पटियाल निवासी हरजिंद्र सिंह उर्फ छोटू और अंबाला के जमीतगढ़ गांव निवासी विशाल कुमार उर्फ ईलू से अभी भी पूछताछ जारी है। अभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
जांच अधिकारी नीरज ने बताया कि नसीम को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दरअसल, 13 जुलाई को टीम को सूचना मिली थी कि पटियाल निवासी हरजिंद्र सिंह उर्फ छोटू व अंबाला के जमीतगढ़ गांव निवासी विशाल कुमार उर्फ ईलू अफीम बेचने का काम करते हैं। वह माल की सप्लाई करने के लिए जा रहे हैं। अभी वह अंबाला कैंट जी टी रोड से शाहबाद जाने के लिए खड़े हैं। टीम ने दोनों को मौके पर काबू किया था। तलाशी लेने पर उनसे दो किलो 600 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। संवाद