अंबाला। नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) की नेशनल लैवल की टीम के छावनी नागरिक अस्पताल में निरीक्षण की घड़ी निकट आ गई है। सोमवार यानी 22, 23 और 24 जुलाई को टीम दस्तक दे सकती है।
इसका असर अस्पताल में देखने को मिल रहा है। अस्पताल प्रबंधक ने अपनी तैयारियां पूरी करते हुए व्यवस्थाओं का सुधार किया जा रहा है। जहां रंग रोगन की जरूरत थी वो करवाया जा रहा है, वहीं अस्पताल में टूटे स्टेचर, व्हील चेयर, कुर्सियों आदि को भी दुरुस्त करवाने का काम चल रहा है।
इसके अलावा अस्पताल में आने वाले मरीजों को जागरूक करने के लिए अलग-अलग बीमारियों के जागरूकता बोर्ड भी बदले जा रहे हैं जो खराब हो चुके हैं। प्रबंधन अस्पताल की सुविधाओं का जायजा लेकर मूल्यांकन करने वाली टीम के सामने कोई खामी नहीं रखना चाहती, जिससे कि एनक्वास टीम की तरफ से दी जाने वाले ग्रेडिंग को ओर बेहतर बनाया जा सके। पहले भी एनक्वास की टीमें निरीक्षण कर चुकी है।
बाकायदा अस्पताल में सुधार के लिए अंबाला लैवल भी टीमें गठित की गई है जो समय-समय पर जायजा लेकर सुविधा में सुधार करती है। दरअसल, एनक्वास की टीम ग्रेडिंग देती है। उसी के आधार पर अस्पताल को सुविधाओं में सुधार के लिए ग्रांट जारी की जाती है।
नर्सिंग ऑफिसर को दिया जा रहा प्रशिक्षण
एनक्वास की टीम इमरजेंसी, आईपीडी, ओपीडी ब्लॉक के अलावा ऑपरेशन थिएटर का भी जायजा लेगी। इसके अलावा अस्पताल के रिकॉर्ड पर टीम की नजर रहती है। किसी भी वार्ड में कोई मरीज आता है तो उसका रिकॉर्ड पूरा है कि नहीं। इसको लेकर सभी वार्डों में रिकॉर्ड पूरे किए जा रहे हैं। साथ ही टीमों के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार किया जा रहा है ताकि कोई जानकारी मांगे तो सभी उसका जवाब दे सके।